पटना: जदयू की राज्य कार्यकारिणी की घोषणा दो-तीन दिनों में हो सकती है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और पार्टी के शीर्ष नेताओं से इस पर मंत्रणा हो चुकी है. सूत्रों के मुताबिक , इस बार कार्यकारिणी छोटी होगी.
जदयू के सभी सांसदों व विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रभाववाले क्षेत्र में प्रखंड स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करें. इसके अलावा जिला अध्यक्षों को कहा गया है कि पार्टी की जिला कमेटी को मजबूत करने के लिए भी वे काम करें. प्रखंड स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की कवायद है.
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बाबत यह कोशिश हुई है. लोकसभा चुनाव में हार और पार्टी के दो प्रवक्ताओं के इस्तीफा देने के बाद पांच जून को प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने जदयू की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था. कार्यालय के कामकाज देखने के लिए रवींद्र सिंह व डॉ नवीन कुमार आर्या को जिम्मेवारी दी गयी थी. वहीं, डॉ अजय आलोक को प्रवक्ता और डॉ संजीव कुमार सिंह कोषाध्यक्ष का प्रभार दिया गया था. विधानसभा उपचुनाव और अगले साल होनेवाले चुनाव को देखते हुए नयी कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है.
