पटना : सामाजिक सुरक्षा की छह पेंशन योजनाओं का इस समय करीब 48 लाख 61 हजार 880 लोग फायदा उठा रहे हैं. इसमें बिहार सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिहार राज्य नि:शक्तता पेंशन, इंदिरा गांधी नि:शक्तता पेंशन, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन और लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना शामिल हैं.
इस साल मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा की 12 योजनाओं पर 29 अरब 42 करोड़ 90 लाख रुपये होंगे खर्च. इसमें अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना भी शामिल है. बिहार सरकार ने साल 2016-17 में कुल 11 योजनाओं के लिए 250 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया था.
वहीं साल 2017-18 के लिए कुल 12 योजनाओं के लिए 294 करोड़ 29 लाख रुपये के बजट की व्यवस्था की गयी है. इस साल मुख्यमंत्री भिक्षा निवारण योजना और ओल्ड एज होम योजना को अलग कर दिया गया है. उनके लिए अलग-अलग बजट भी आवंटित किया गया है. विभागीय सूत्रों के अनुसार बिहार सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ करीब 54,337 लोग उठा रहे हैं.
इसके अंतर्गत 60 से 64 साल के गरीबों को 300 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाता है. बंधुआ मजदूर के मामले में आय एवं उम्र की सीमा लागू नहीं है. बिहार राज्य नि:शक्तता पेंशन का फायदा करीब पांच लाख 18 हजार 79 लोगों को मिल रहा है. इसके अंतर्गत लाभार्थी को 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिये जाते हैं.
इंदिरा गांधी नि:शक्तता पेंशन का फायदा इस समय करीब 83 हजार लोग उठा रहे हैं. लाभार्थी को 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाता है. इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना में करीब 33 लाख 50 हजार लोग इसका फायदा उठा रहे हैं. इसमें 80 साल से अधिक उम्र के लोगों को 500 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है. वहीं 60 साल से अधिक उम्र के लाभार्थी को 400 रुपये प्रति माह दिया जाता है.
इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना का लाभ करीब चार लाख 25 हजार लोग उठा रहे हैं. इसके अंतर्गत 40 से 79 साल की विधवा को 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाता है. लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ इस समय करीब चार लाख 30 हजार लोग उठा रहे हैं. इसमें लाभार्थी को 400 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है.
