Patna News: टीआर-4 की अधिसूचना जारी करने और पूर्व की तरह एकल परीक्षा के आधार पर नियुक्ति की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान हंगामा और पथराव करने के आरोप में पुलिस ने चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया. इस मामले में चार नामजद समेत 5000 अज्ञात लोगों के खिलाफ गांधी मैदान थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जेल भेजे गए अभ्यर्थियों की पहचान
जेल भेजे गए अभ्यर्थियों में दरभंगा निवासी छात्र नेता दिलीप कुमार, सहसराम निवासी शिशिर शेखर आर्य, कटिहार निवासी शाहबाज आलम और कैमूर निवासी नवीन कुमार शामिल हैं.
प्रदर्शन के दौरान हुई थी नोक-झोंक
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर के पास अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच नोक-झोंक हुई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पथराव की घटना सामने आई.
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
गांधी मैदान थानाध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्रा ने बताया कि चारों अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.
ALSO READ: पटना में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर डेटा अपडेट करने की अंतिम तिथि 20 मई, शिक्षा विभाग का सख्त निर्देश
