पटना में लाल निशान के पार पहुंची गंगा, जायजा लेने पहुंचे CM सम्राट, बाढ़ के खतरे के बीच अफसरों को दिया अलर्ट रहने का निर्देश

CM Samrat Choudhary: पटना में गंगा और पुनपुन के बढ़ते जलस्तर ने दियारा इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं.

CM Samrat Choudhary: पटना में गंगा और पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से दियारा और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई जगहों पर पानी सड़कों तक पहुंच गया है. मनेर, दानापुर और फतुहा के दियारा इलाकों में बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है. प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अलर्ट बढ़ा दिया है.

CM ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने नदी किनारे बने व्यूपॉइंट से गंगा के फैले पानी को देखा. इस दौरान अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और तैयारियों की जानकारी ली.

मुख्यमंत्री ने संभावित बाढ़ को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. साथ ही जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं.

गंगा और पुनपुन डेंजर लेवल के पार

पटना में गंगा और पुनपुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. दोनों नदियां लाल निशान के ऊपर पहुंच चुकी हैं. कई इलाकों में गंगा का पानी सड़कों तक आ गया है. पड़ोसी राज्यों में हो रही भारी बारिश का असर भी नदियों के जलस्तर पर पड़ा है. इसके अलावा बाणसागर बराज और इंद्रपुरी जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति और गंभीर हुई है.

तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश

बाढ़ के खतरे को देखते हुए पटना के डीएम कुंदन कुमार ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है. तटबंधों की 24 घंटे निगरानी करने का निर्देश दिया गया है.

बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी जरूरी सामग्री भी तैयार रखने को कहा गया है. डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां 24 घंटे के अंदर पूरी करने का निर्देश दिया है. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

पटना में आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है. यह नियंत्रण कक्ष सातों दिन काम करेगा.

किसी भी तरह की सूचना या मदद के लिए लोग 0612-2210118 और 8235449748 पर संपर्क कर सकते हैं. सभी प्रखंडों में भी प्रखंड स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है.

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

डीएम ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है. उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. लोगों को अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा गया है.

मानसून में बढ़ता है नदियों का जलस्तर

बिहार में मानसून के दौरान गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ना आम बात है. इस बार भी नदियों के बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. दियारा और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Also Read: बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 13 जिलों में बाढ़ का संकट गहराया, जानें नुकसान पर कितना मिलेगा मुआवजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >