नवादा के स्कूल भवन निर्माण राशि गबन मामले में फरार प्रभारी शिक्षक गिरफ्तार, 18.72 लाख रुपये के गबन का आरोप

Nawada News : नवादा से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां स्कूल भवन निर्माण के लिए आवंटित सरकारी राशि के गबन के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे एक प्रभारी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उन पर 18.72 लाख रुपये के गबन का आरोप है.

Nawada News : जिले में विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवंटित सरकारी राशि के कथित गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक प्रभारी शिक्षक को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार शिक्षक पर करीब 18.72 लाख रुपये के गबन का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

फरार शिक्षक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, त्रिलोकी बिगहा के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक रणधीर कुमार को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उनकी पहचान थाना क्षेत्र के भालुइया टांड़ निवासी शालिग्राम प्रसाद के पुत्र रणधीर कुमार के रूप में हुई है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीत सिंह ने बताया कि आरोपी मुफस्सिल थाना कांड संख्या 20/25 में नामजद था और लंबे समय से फरार चल रहा था.

भवन निर्माण के लिए मिली राशि का गबन करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, विद्यालय भवन निर्माण के लिए सर्व शिक्षा अभियान के तहत 14 मार्च 2014 को लगभग 6,68,700 रुपये तथा 12 मई 2023 को दूसरी किस्त के रूप में लगभग 12,78,500 रुपये की निकासी की गई थी. इस प्रकार कुल करीब 19.47 लाख रुपये विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवंटित किए गए थे. आरोप है कि राशि की निकासी के बावजूद विद्यालय भवन का निर्माण नहीं कराया गया और सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया.

वेतन से हुई आंशिक वसूली

मामले में तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह तत्कालीन सदर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मजहर हुसैन के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी शिक्षक के वेतन से 74,595 रुपये की वसूली की जा चुकी है, जबकि शेष 18,72,605 रुपये के गबन का आरोप है.

कई धाराओं में दर्ज है मामला

मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी और सरकारी राशि के गबन से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार शिक्षक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

जांच के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, विद्यालय भवन निर्माण में अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई थी. जांच में सरकारी राशि के दुरुपयोग की बात सामने आने पर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई. अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >