नवादा के अकबरपुर में सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का शुभारंभ, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

Nawada News: बिहार सरकार द्वारा 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का भव्य उद्घाटन किया गया. अकबरपुर प्रखंड के गोपालपुर में आयोजित समारोह में विधायक अनिल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया. ग्रामीण बच्चों को अब बेहतर और आधुनिक शिक्षा के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा.

Nawada News: बिहार सरकार की ओर से राज्यभर में स्थापित 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के उद्घाटन कार्यक्रम के तहत रविवार को अकबरपुर प्रखंड के गोपालपुर शिवदानी अयोध्या इंटर विद्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए.

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ विद्यालय का उद्घाटन

समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अनिल सिंह, पंचायत मुखिया प्रतिनिधि पप्पू महतो, पैक्स अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार उर्फ भोलू बाबू, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय का उद्घाटन किया. इस दौरान विद्यालय परिसर में स्थापित शिलापट्ट का भी अनावरण किया गया.

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक और अन्य अतिथियों का छात्र-छात्राओं ने ड्रम की थाप और तालियों के साथ स्वागत किया. प्रधानाध्यापक राजीव रंजन ने सभी अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

उद्घाटन के बाद बिहार सरकार के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वर्चुअल उद्घाटन का सीधा प्रसारण विद्यालय परिसर में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया. कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने देखा.

ग्रामीण बच्चों को मिलेगी शहर जैसी शिक्षा सुविधा

इस अवसर पर विधायक अनिल सिंह ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) बिहार में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का नया अध्याय है. इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधुनिक संसाधन, डिजिटल सुविधाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. राज्य सरकार की यह पहल शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगी. आने वाले समय में ये आदर्श विद्यालय शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित होंगे.

विद्यालय परिवार और ग्रामीणों की रही सहभागिता

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका ममता कुमारी, कल्याणी कुमारी, सरिता कुमारी, रूचि, रोजी, प्रियंका कुमारी तथा शिक्षक सत्येंद्र कुमार, अबू अहमद, बबन मियां सहित विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष तपेश्वर सिंह, संजीव कुमार, नीतीश कुमार, गुड्डू कुमार, अधिवक्ता गौरी सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने आदर्श विद्यालय की शुरुआत को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >