नवादा: रजौली में लगा सहयोग शिविर, राजस्व, पेंशन, बिजली, पेयजल और आवास से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं, 19 मामलों का मौके पर हुआ समाधान

रजौली के जोगियामारन में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया. 51 आवेदनों में से 19 का मौके पर निपटारा हुआ, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पाना आसान हुआ.

Nawada news: रजौली प्रखंड की जोगियामारन पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों के त्वरित निष्पादन की कार्रवाई की गयी. शिविर का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए तथा अनावश्यक भागदौड़ के उपलब्ध कराना रहा.

51 आवेदनों में 19 का हुआ निष्पादन

शिविर से पहले प्राप्त 32 आवेदनों में से 16 मामलों का निष्पादन किया जा चुका था. वहीं, शिविर के दौरान 19 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें तीन मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया. इस तरह कुल 51 आवेदनों में से 19 मामलों का निष्पादन किया गया. शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन और आवास से संबंधित शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए.

44 अधिकारी-कर्मी रहे मौजूद

शिविर में विभिन्न विभागों के 44 अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. किसी भी विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति नहीं रही. अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की.

प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतों में लगेगा शिविर

शिविर का शुभारंभ करते हुए नवादा के जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत साहू ने कहा कि सरकार आम जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ लोगों की समस्याओं का निष्पादन करने का निर्देश दिया.

ऑनलाइन पोर्टल से भी दर्ज कर सकेंगे शिकायत

डीटीओ ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए सरकार ने ऑनलाइन पोर्टल भी जारी किया है. इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्राप्त आवेदनों पर अधिकतम 30 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए.

शिविर में बीडीओ संजीव कुमार झा, सीओ गुफरान मजहरी, पशु चिकित्सा पदाधिकारी रेशु कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी हरीमोहन कुमार, मुखिया चिंता देवी, पैक्स अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, समाजसेवी कुंदन कुमार, मुकेश यादव, सप्पू सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

फोटो :- शिविर में भाग लेते पदाधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
फोटो :- शिविर में भाग लेते पदाधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >