नवादा: रजौली में शराब मुखबिरी विवाद में खूनी झड़प, चाचा-भतीजा पर हमला; एक की हालत गंभीर

नवादा के रजौली में शराब की मुखबिरी को लेकर हुई मारपीट में चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए. एक की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

Nawada Liquor Dispute Uncle Nephew Injured : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के महसई मोहल्ला में गुरुवार को शराब की मुखबिरी को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान चाचा और भतीजा पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. दोनों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे पावापुरी रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही है.

घायल भतीजे की पहचान महसई निवासी सुधीर मालाकार के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसके चाचा संजीत कुमार भी हमले में बुरी तरह जख्मी हुए हैं. अस्पताल में दोनों का इलाज किया गया, लेकिन संजीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया.

Nawada News : पहले भतीजे पर हमला, फिर चाचा को बनाया निशाना

अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार के अनुसार, सबसे पहले रौशन कुमार को सिर में गंभीर चोट के साथ लाया गया था. प्राथमिक उपचार के दौरान उसे जरूरी दवाएं और इंजेक्शन दिए गए. बताया गया कि उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था.

घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद मामला और बिगड़ गया. रौशन के पक्ष में शिकायत करने उसके चाचा संजीत कुमार आरोपी के घर पहुंचे. इसी दौरान विवाद दोबारा भड़क गया और आरोपी पक्ष के लोगों ने संजीत के साथ भी मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसमें संजीत गंभीर रूप से घायल हो गया.

Firing : गोली लगने की आशंका, रिपोर्ट का इंतजार

डॉक्टरों ने बताया कि संजीत को गोली लगी है या नहीं, इसकी पुष्टि एक्सरे रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी. फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे पावापुरी रेफर किया गया है.

परिजनों का आरोप है कि आरोपी मोहित साव ने संजीत पर गोली चलाई है, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

Crime News : घायल ने बताई पूरी घटना

अस्पताल में इलाजरत रौशन कुमार ने बताया कि वह नदी किनारे घूमने गया था. तभी ऊपर टंडा निवासी मोहित साव वहां बाइक से पहुंचा और उस पर शराब की मुखबिरी करने का आरोप लगाने लगा. उसने कहा कि "तुम्हारी वजह से हमारी शराब दो बार पकड़ी गई है".

रौशन के मुताबिक, इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और मोहित व उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया. उसके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

रौशन ने यह भी बताया कि जब उसके परिजन शिकायत करने पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद सौरभ साव, विकास यादव और मंटू साव समेत कई लोगों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान उसके चाचा संजीत को भी बुरी तरह पीटा गया.

पुलिस जांच में जुटी, बढ़ाई गई गश्त

इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया. एएसआई संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.

उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, घायल संजीत कुमार का उसी दिन शादी की सालगिरह भी था और वह अपने परिवार के साथ तैयारी में जुटा था. इसी बीच यह घटना हो गई.

फिलहाल रजौली के महसई इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस लगातार गश्त कर हालात पर नजर रख रही है. प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर शराब से जुड़े विवादों के खतरनाक रूप को सामने ला दिया है.

Also Read : नवादा: गोविंदपुर में तीन अलग-अलग हादसे, 8 वर्षीय छात्र समेत तीन गंभीर रूप से घायल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >