Nawada News: नवादा जिले के रजौली थाना पुलिस ने फरार चल रहे अभियुक्तों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कुल 7 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में नवादा न्यायालय भेज दिया.
मारपीट मामले में 2023 से फरार 2 नामजद अभियुक्त दबोचे गए
रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि 18 मार्च 2023 को कुम्हरुआ गांव में हुई मारपीट की घटना के संबंध में पीड़ित रामलखन यादव के पुत्र दीपक कुमार ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में दो अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों में कुम्हरुआ गांव निवासी विशुन यादव का पुत्र मोती यादव और मोती यादव का पुत्र अखिलेश कुमार शामिल है.
न्यायालय से निर्गत वारंट पर 5 वारंटी गिरफ्तार
इसके अलावा, नवादा न्यायालय से निर्गत वारंट और इश्तेहार के आलोक में पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 5 अन्य वारंटियों को धर दबोचा.
- घसियाडीह से गिरफ्तार: स्व. बंधन मांझी का पुत्र भुना मांझी और भुना मांझी का पुत्र संतोष कुमार.
- कुम्हरुआ से गिरफ्तार: इश्तेहार वारंटी कुलेश्वर यादव और उसके दो पुत्र बीरेन्द्र यादव एवं विनोद यादव.
सभी आरोपी भेजे गए जेल, छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपी रजौली थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और लंबे समय से न्यायालय से फरार चल रहे थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वांछित अपराधियों और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी सघन छापेमारी अभियान जारी रहेगा. फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
