नवादा में महिलाओं की सुरक्षा का नया इंतजाम, पिंक स्कूटी पर निकलेंगी ‘पुलिस दीदी’, स्कूल-कॉलेज और बाजारों में मनचलों पर रहेगी नजर

नवादा में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूती देने के लिए 'अभया ब्रिगेड' यानी 'पुलिस दीदी' को सक्रिय कर दिया गया है. ये विशेष दल पिंक स्कूटी पर सवार होकर स्कूल, कॉलेज और बाजारों जैसे संवेदनशील इलाकों में गश्त करेगा और मनचलों पर नकेल कसेगा.

Abhaya Brigade Nawada : नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार पुलिस की अभया ब्रिगेड को सक्रिय कर दिया गया है. आम बोलचाल में पुलिस दीदी के नाम से पहचाने जाने वाले इस विशेष दस्ते की तैनाती पिंक स्कूटी के साथ की गई है. महिला पुलिसकर्मी अब स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी करेंगी.

अभया ब्रिगेड का मुख्य मकसद महिलाओं और छात्राओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है. खासकर स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास छात्राओं से छेड़खानी, पीछा करने या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की शिकायत मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी. इससे पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई भी की जा सकेगी.

क्या है अभया ब्रिगेड और कैसे करेगी काम?

अभया ब्रिगेड बिहार पुलिस की महिला सुरक्षा से जुड़ी विशेष पहल है. इसके तहत पुलिसकर्मियों को ऐसे इलाकों में गश्त के लिए लगाया जाता है, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है. वारिसलीगंज में तैनात टीम पिंक स्कूटी के जरिए कम समय में अलग-अलग स्थानों तक पहुंच सकेगी.

यह दस्ता केवल शिकायत आने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पहले से ही संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखेगा. स्कूल-कॉलेजों के खुलने और छुट्टी होने के समय विशेष सतर्कता बरती जाएगी. इसका उद्देश्य किसी घटना के बाद कार्रवाई से ज्यादा जरूरी है कि ऐसी घटनाओं को होने से पहले ही रोका जा सके.

वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी नजर रखेगी टीम

पुलिस दीदी की टीम जरूरत के अनुसार वर्दी और सादे कपड़ों में भी निगरानी करेगी. प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.

लड़कियों का पीछा करने, छेड़खानी करने या उन्हें परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान होने पर पुलिस मौके पर कार्रवाई कर सकती है. इस व्यवस्था से उन स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ेगी, जहां अक्सर छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही रहती है.

डायल-112 से सीधा समन्वय

अभया ब्रिगेड को आपातकालीन सेवा डायल-112 के साथ भी समन्वय में काम करना है. किसी महिला या छात्रा की ओर से शिकायत मिलने पर सूचना संबंधित टीम तक पहुंचाई जाएगी, जिससे पुलिस को मौके पर पहुंचने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में आसानी होगी.

इस व्यवस्था का एक अहम हिस्सा जागरूकता भी है. पुलिस दीदी स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्राओं को साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी देंगी. इसका उद्देश्य छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग करने के साथ उन्हें यह भरोसा देना है कि परेशानी होने पर वे पुलिस से बेझिझक संपर्क कर सकती हैं.

किन जगहों पर रहेगी खास निगरानी?

वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में अभया ब्रिगेड की पेट्रोलिंग मुख्य रूप से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर होगी. इसके अलावा ऐसे इलाकों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही ज्यादा रहती है.

पिंक स्कूटी से पेट्रोलिंग होने के कारण टीम के लिए अलग-अलग स्थानों पर तेजी से पहुंचना आसान होगा. पुलिस की लगातार मौजूदगी से असामाजिक तत्वों पर दबाव बढ़ने और महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है.

एसपी ने बताया, महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित माहौल

एसपी अभिनव धीमान के अनुसार, पुलिस दीदी की सक्रियता से सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी. साथ ही महिलाओं और छात्राओं के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा.

अभया ब्रिगेड की तैनाती को सिर्फ पेट्रोलिंग व्यवस्था के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. इसका उद्देश्य पुलिस और महिलाओं के बीच सीधा संपर्क बढ़ाना भी है, ताकि किसी घटना या परेशानी की स्थिति में शिकायत सामने आने में झिझक न हो. वारिसलीगंज में इस व्यवस्था के सक्रिय होने से महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की निगरानी अब ज्यादा नियमित और जमीन पर दिखाई देने वाली होगी.

नवादा में स्वास्थ्य विभाग का एक्शन, धर्मशीला देवी अस्पताल हुआ सील-रजिस्ट्रेशन भी रद्द; पूर्व मंत्री के बेटे की मौत से जुड़ा है मामला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >