नवादा रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. शुक्रवार को प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से उतर रहे एक 17 वर्षीय किशोर को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो पिट्ठू बैगों से कुल 14.940 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18,060 रुपये आंकी गई है.
वंदे भारत के सी-3 कोच से उतरते ही गहराया संदेह
रेल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक महेंद्र कुमार एवं आरक्षी चितरंजन कुमार नवादा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर यात्री सुरक्षा एवं ट्रेन पासिंग ड्यूटी में मुस्तैद थे. इसी दौरान ट्रेन संख्या 22500 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस स्टेशन पर आकर रुकी. ट्रेन के कोच संख्या सी-3 (C-3) से दो भारी पिट्ठू बैग पीठ पर लादकर उतर रहे एक किशोर की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी. संदेह के आधार पर जब उसे रोककर पूछताछ की गई, तो वह घबरा गया और बैग में शराब होने की बात स्वीकार की.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरमा का रहने वाला है किशोर
पकड़े गए किशोर की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम गुरमा निवासी संजीत कुमार के 17 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रेल पुलिस ने तत्काल जिला उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग को सूचना दी.
वीडियोग्राफी के बीच खुली बैगों की चेन, 83 बोतलें बरामद
उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने पर विधिवत वीडियोग्राफी कराते हुए दोनों बैगों की तलाशी ली गई:
- काला पिट्ठू बैग: मैजिक मोमेंट्स (Magic Moments) वोदका की 180 एमएल वाली कुल 48 बोतलें बरामद हुईं.
- नीला पिट्ठू बैग: ब्लेंडर्स प्राइड (Blenders Pride) की 180 एमएल वाली 18 बोतलें और सिग्नेचर व्हिस्की (Signature) की 180 एमएल वाली 17 बोतलें बरामद की गईं.
- कुल जब्ती: दोनों बैगों से विभिन्न ब्रांडों की 180 एमएल वाली कुल 83 बोतलें (कुल मात्रा 14.940 लीटर) जब्त की गईं.
उत्पाद विभाग को सौंपा गया, प्राथमिकी दर्ज
जब्त शराब और पकड़े गए किशोर को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है. उत्पाद विभाग द्वारा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. रेल पुलिस और उत्पाद विभाग अब इस बात की पड़ताल में जुटे हैं कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और नवादा में इसे किसे डिलीवर किया जाना था.
Also Read: नवादा में पहली पत्नी की हत्या में पति को उम्रकैद, दूसरी शादी और प्रताड़ना के मामले में भी सजा
