लुटेरों के निशाने पर ज्वेलरी शॉप और बैंक, एसपी के निर्देश पर सुरक्षा ऑडिट शुरू

Nawada news. ज्वेलरी दुकानों और बैंकों में बढ़ती लूट की घटनाओं को देखते हुए नवादा पुलिस अलर्ट मोड पर है.

एसपी ने दुकानों व बैंकों के सीसीटीवी और सुरक्षा संसाधनों का लिया जायजा

संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी, सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यवसायियों को दिये विशेष टिप्स.

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय

ज्वेलरी दुकानों और बैंकों में बढ़ती लूट की घटनाओं को देखते हुए नवादा पुलिस अलर्ट मोड पर है. एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर मंगलवार को जिले के प्रमुख आभूषण प्रतिष्ठानों और बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया. पुलिस टीम ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और अन्य तकनीकी सुरक्षा संसाधनों की जांच की और उनकी अद्यतन रिपोर्ट तैयार की. एसपी के निर्देश पर संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस ने सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाला. इस दौरान ज्वेलरी शॉप और बैंकों के आसपास खड़े संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी ली गई. पुलिस की इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले रोकना और अपराधियों में खौफ पैदा करना है.

सुरक्षा के लिए पुलिस ने दिये निर्देश

एसपी अभिनव धीमान ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू हालत में रखें. इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण टिप्स भी दिये गये हैं. एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस इन संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखेगी.

अपराध पर ”जीरो टॉलरेंस” की नीति

सरकार और पुलिस मुख्यालय के स्तर पर बदले मिजाज के बाद अब नवादा पुलिस भी लूट, हत्या और डकैती जैसे जघन्य अपराधों पर विशेष नजर रख रही है. हाल ही में पटना में ज्वेलरी लूट के आरोपियों के खिलाफ हुई कड़ी पुलिसिया कार्रवाई (एनकाउंटर) के बाद जिला पुलिस ने भी संकेत दे दिया है कि अपराधियों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. जिले की सीमाओं और प्रमुख चौक-चौराहों पर चौकसी बढ़ा दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >