नवादा: लगातार संगीन घटनाओं से काशीचक में दहशत, एसडीपीओ बोले- पुलिस पूरी तरह अलर्ट

नवादा का काशीचक प्रखंड और शाहपुर थाना क्षेत्र दो महीने से संगीन वारदातों से दहल रहा है. हत्या, जलमग्न लाशों की बरामदगी, चलती ट्रेन में दारोगा दंपति पर हमला और सात साल के मासूम की बर्बर हत्या जैसी घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी है. स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठ रहे हैं.

Nawada News: नवादा जिले का काशीचक प्रखंड और शाहपुर थाना क्षेत्र बीते दो महीनों (जून के अंतिम सप्ताह और पूरे जुलाई) के दौरान एक के बाद एक हुई कई संगीन वारदातों से दहल उठा है. हत्या, जलमग्न लाशों की बरामदगी, चलती ट्रेन में दारोगा दंपति पर जानलेवा हमला और सात साल के मासूम की बर्बरतापूर्ण हत्या जैसी घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. इन घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासनिक दावों पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं.

चलती ट्रेन में दारोगा दंपति पर हमला, इंजन के आगे बैठीं महिला दारोगा

प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ जब गया-हावड़ा एक्सप्रेस (13024) के एसी (बी2) कोच में सफर कर रहे झारखंड पुलिस के दारोगा दंपति (हरि ओम और पूजा कुमारी) तथा उनके 4 वर्षीय बेटे पर बिना टिकट सवार मनचलों ने जानलेवा हमला कर दिया. काशीचक स्टेशन के पास वैक्यूम काटकर 8-10 गुर्गों को बुलाकर चलती बोगी में हिंसक तांडव मचाया गया. घटना से आक्रोशित पीड़ित महिला दारोगा इंसाफ की मांग को लेकर ट्रेन के इंजन के आगे पटरी पर बैठ गईं, जिससे लगभग एक घंटे तक परिचालन ठप रहा.

मासूम आर्यन की मौत, किन्नर हत्याकांड और संदिग्ध शवों की बरामदगी

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को कटघरे में खड़ा करने वाली अन्य प्रमुख घटनाएं:

  • मासूम आर्यन राज हत्याकांड: बौरी गांव में सात वर्षीय मासूम आर्यन राज का शव कब्रिस्तान के पास तालाब से मिला. परिजनों ने बर्बरता का आरोप लगाया.
  • मोनिका किन्नर कांड: गोहिया आहर से मोनिका किन्नर का शव बरामद हुआ, जिसने पुलिस तफ्तीश की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.
  • विवाहिता की संदिग्ध मौत: भट्टा गांव में 30 वर्षीय गर्भवती विवाहिता बबीता देवी का संदिग्ध शव मिलने के बाद मायके वालों ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया.
  • सड़क हादसा व आपसी विवाद: लेंबुआ बगीचा के पास अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के बाद जन-आक्रोश भड़क उठा. इसके अलावा जमीन और मामूली विवादों में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं.

पकरीबरवां एसडीपीओ का बयान: "संगठित अपराध नहीं, पुलिस पूरी तरह संवेदनशील"

मामले में पकरीबरवां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने पुलिस का पक्ष रखते हुए बताया कि क्षेत्र में घटित घटनाएं तात्कालिक परिस्थितियों का परिणाम हैं, इन्हें संगठित अपराध से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. पुलिस की कार्रवाई का विवरण:

  • आर्यन राज मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बच्चे की मृत्यु पानी में डूबने से हुई है. तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच जारी है.
  • किन्नर हत्याकांड: मामले का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी.
  • सुरक्षा व गश्ती: पूरे अनुमंडल क्षेत्र में रात की गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) बढ़ा दी गई है. पुलिस अलर्ट मोड पर है और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashutosh kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >