नवादा (नगर) : आठ नवंबर को होनेवाले मतगणना कार्य के लिए जिले में तैयारी तेज हो गयी है. सुबह आठ बजे से केएलएस कॉलेज में बने मतगणना केंद्र में काउंटिंग शुरू होगी. सभी विधानसभा क्षेत्रों में इसके लिए 15-15 काउंटर बनाये जायेंगे. 14 टेबुल पर काउंटिंग होगा.
जबकि, एक टेबुल आरओ व एआरओ के लिए बनाया जायेगा. काउंटिंग कार्य के लिए एक टेबुल पर न्यूनतम तीन कर्मचारियों को लगाया जायेगा.
काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट के अलावा माइक्रो आब्जॉर्वर प्रत्येक काउंटर पर प्रतिनियुक्त होंगे. सभी प्रत्याशियों को अधिकतम 15 एजेंट बनाने की अनुमति दी जायेगी. काउंटिंग के समय मतों की गिनती का काम डाक मतपत्रों की गिनती से शुरू होगी. इसके बाद क्रमानुसार इवीएम से वोटों की गिनती होगी. मतगणना केंद्र पर सभी पांचों विधान सभा क्षेत्रों के काउंटर के अलावा मीडिया से व सूचना केंद्र भी बनाये जायेंगे. मतगणना केंद्र में जारी पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिलाया जायेगा. काउंटिंग को लेकर कितने कर्मी लगेंगे व क्या-क्या व्यवस्था करना है इसको लेकर निर्वाचन कार्यालय सक्रियता पूर्वक काम कर रहा है.
दूसरे जिलों में भेजी गयी वीवी पैट मशीन
जिले में चुनाव समाप्त होने के बाद पूर्णिया प्रमंडल में होनेवाले चुनाव के लिए वीवी पैट मशीन भेजा गया है. जिले में अतिरिक्त बचे 13 वीवी पैट मशीन को पूर्णिया व ट्रेनिंग कार्य में लगे 10 वीवी पैट मशीन को भागलपुर भेजा गया है. चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आयोग के निर्देश पर वीवी पैट मशीन भेजा गया है.
