नवादा : कार्यालय जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर समाहरणालय परिसर से मतदाता ज्योति को डीएम मनोज कुमार ने डीपीआरओ परिमल कुमार को सौंपते हुए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया.
इसके पहले डीएम ने पवित्र मतदाता ज्योति को अपने हाथों से प्रज्वलित किया. इस दौरान उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों, साक्षरता कर्मियों व जीविका से जुड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आपलोगों के सामूहिक प्रयास व टीम भावना को देखते हुए मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि इस बार जिले में मतदान 70 प्रतिशत से भी अधिक होगा.
मतदाता ज्योति को डीएम ने जैसे ही डीपीआरओ को सौंपा वैसे ही सभी लोगों ने जागरूकता नारे के साथ ज्योति को लेकर दौड़ लगाना शुरू कर दिये. आगे चलकर डीपीआरओ ने डीपीएम जीविका को ज्योति सौंपी. डीपीओ ने मुख्य कार्यक्रम समन्वयक आलोक कुमार को ज्योति सौंपी.
इस प्रकार हर मोड़ पर लोग जुड़ते गये और मतदाता ज्योति को लेकर मतदान के पवित्र संदेश के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते गये़ मतदाता ज्योति यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सदर प्रखंड कार्यालय में जाकर समाप्त हुई.
इस अवसर पर स्वीप कोषांग के पदाधिकारी पंकज कुमार, अनुग्रह प्रसाद तिग्गा, पंचायती राज पदाधिकारी सतीश चंद्र झा, जीविका से जुड़ी सभी प्रखंडों की परियोजना प्रबंधक, नेहा परवीन, अनीशजामा, रौशन, सुरेंद्र चौधरी, हरेराम, सबीहा, गणेश पाठक, रेणु कुमारी, बसंत कुमार, मेराज सहित शहर के सैकड़ों लोग शामिल थे.
