हिसुआ : नीतीश का जाना व भाजपा का आना तय है. बिहार में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी. एक अणे मार्ग पर भाजपा का कब्जा होगा. मुख्यमंत्री बिहार का होगा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन का होगा.
यह बातें भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को हिसुआ इंटर विद्यालय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं. उन्होंने कहा कि अकलियत के वोट की लालच में लालू व नीतीश का गंठबंधन हुआ है.
वोटों का बंटवारा न हो इसलिए गंठबंधन किया गया, लेकिन हम इस मंसूबे को पूरा होने नहीं देंगे. नीतीश जी पूछ रहे हैं कि दूल्हा कौन है, तो उनको इस उम्र में दूल्हा बनने का शौक हुआ है.
अभिनेता मनोज तिवारी ने कहा कि पिछले 25 साल में नीतीश-लालू बिहार मेें कुछ करते, तो आज यहां का युवा बाहर कमाने क्यों जाते. आज बिहार से लाखों लोग बाहर जाकर कमा रहे हैं. उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश खुद को ब्रह्मा, विष्णु, महेश तीनों समझते हैं. उन्होंने कहा कि आप सब इस बार भाजपा को मौका दें.
भाजपा को बिहार में कभी मौका नहीं मिला है. नीतीश जी के साथ मौका मिला तो नीतीश जी उसको निभा नहीं सके. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह को जीताने की अपील की. साथ में आये मनोज तिवारी ने कहा कि बिहारियों को कमजोर नहीं समझें. उन्होंने बिहार गौरव के गीतों से भी मतदाताओं को लुभाया.
प्रत्याशी व सिटिंग विधायक अनिल सिंह ने बिजली, सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालयों के उत्क्रमण, तीन बिजली उपकेंद्र देने व शांति का माहौल कायम करने का हवाला दिया.
सभा में भाजपा नेता केदार सिंह, अर्जुन यादव, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, नगर अध्यक्ष अशोक चौधरी, नरहट के मोहन सिंह, प्रवक्ता पवन कुमार गुप्ता, संतोष कुमार, चंदु मियां , प्रमुख रंजन शाही, उपप्रमुख पुकार सिंह, मुखिया वीरेंद्र सिंह, संजय मांगो सिंह, पंकज मुन्ना आदि उपस्थित थे.
