सिरदला : आप लोगों ने जो प्यार दिया उसके लिए शुक्रिया. मैं आज जो कुछ भी हूं उसके पीछे आप लोगों का ही हाथ है. फिल्मों के जरिए बिहार के साथ जुड़ा था. गंगाजल फिल्म से लगा कि बिहार काफी पीछे छूट गया है.
कुछ लोगों की ही तरक्की हुई है. उन्होंने कहा कि आप के हाथों में है़ अब आप ही तय करेंगे कि आगे बढ़ना है या नहीं. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए 165 हजार करोड़ के पैकेज का एलान किया है.
बिहार की तसवीर बदलने के लिए व अपने भविष्य के लिए आपलोग 12 अक्तूबर को चुनाव के दिन वोट दीजियेगा. यह बातें भाजपा के स्टार प्रचारक व फिल्म अभिनेता अजय देवगन ने रजौली विधानसभा क्षेत्र के सिरदला प्रखंड में जर्रा बाबा पहाड़ी के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं.
वह भाजपा प्रत्याशी अर्जुन राम के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आये थे. मैदान में उपस्थित लोगों के अनुरोध पर उन्होंने एक फिल्म का डायलॉग कहा ‘गलती करने से कोई फर्क नहीं, पड़ता गलती को सही करें इससे फर्क पड़ता है.’
वहीं भाजपा के वरीय नेता व गया विधायक डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में भाग्य का फैसला होगा. बिहार में विकासराज चाहिए. यह विनाशराज है. यह आपलोगों को फैसला करना है. बिहार में अपराध व भ्रष्टाचार बढ़ गया है.
जंगलराज के खात्मे के लिए बिहार में एनडीए को लाना है, बिहार भविष्य में आगे बढ़ेगा. इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अर्जुन राम ने कहा कि मतदाता भगवान होते हैं. अगर वह साथ नहीं रहे तो आप नहीं रह पायेंगे. चुनावी सभा को जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार अधिवक्ता, किनकर पांडेय आदि ने भी संबोधित किया. मौके पर मोहन कुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक मोरचा के अताउर रहमान, प्रखंड अध्यक्ष महेश राय, रजौली प्रखंड अध्यक्ष पिंटू भदानी ने किया.
