ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के इमलीचट्टी बस स्टैंड के समीप शुक्रवार की दोपहर डॉक्टर से दिखाने पहुंची दो महिलाएं ठगी का शिकार हो गयी. उनका पुराना जेवर खरीदने का झांसा देकर ठगों ने जेवर उतरवा लिया और नोटों के बंडल के रूप में कागज के टूकड़े देकर फरार हो गये. जानकारी के अनुसार मुशहरी थाना के नवादा गांव से जूरन छपरा डॉक्टर को दिखाने पहुंची सरस्वती देवी व ननद शकुंतला के साथ इमलीचट्टी पहुंची थी. इसी दौरान दो युवक मिले. एक ने उससे बस स्टैंड जाने का रास्ता पूछा. वहीं दूसरा उसके जेवरात की तारीफ करने लगा. उसने कहा कि उसके दोस्त को पुराने जेवरात खरीदने की दुकान है. क्या अपना जेवरात देखने के लिए देंगी. पसंद आने पर मुंह मांगी कीमत में ले लेंगे. दूसरे युवक ने तुरंत एक लाख के नोटों का बंडल महिला के हाथ में दे दिया. महिला ने सोने की चेन, कान का झुमका और ढोलना निकालकर उन्हें दे दिया. जिसकी कीमत करीब एक लाख है. पैसा देने के बाद वे दोस्त को दिखाकर आते हैं, कहकर चले गए. उन्होंने नोटों का बंडल बतौर जमानत के तौर पर रखने को कहा. महिला ने जेवरात ले जाने दिया. करीब एक घंटे तक वह इंतजार करती रही लेकिन युवक नहीं आया. तब उसने नोटों के बंडल को खोल कर देखा तो उसमें सिर्फ ऊपर व नीचे सिर्फ एक एक 500 का नोट था. बाकी सभी पेपर के टुकड़े थे. इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ. उसने 112 पुलिस टीम को सूचना दी. 112 पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. ब्रह्मपुरा थानेदार सुभाष मुखिया ने बताया कि महिला के साथ ठगी हुई है. उसे लिखित आवेदन देने को कहा गया है. बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
