सदर थाना परिसर में एसएसपी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी फरियाद

सदर थाना परिसर में एसएसपी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी फरियाद

: ट्रैफिक व क्राइम कंट्रोल व भू माफियाओं पर शिकंजा कसने की रखी मांग : पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक सप्ताह दो थाने पर लगेगा जनता दरबार : एसएसपी जनता से सीधा संवाद करके सुनेंगे फरियाद, किया जाएगा निपटारा संवाददाता, मुजफ्फरपुर फोटो:: दीपक 12 सदर थाना परिसर में शुक्रवार को एसएसपी सुशील कुमार ने जनता दरबार का आयोजन किया. इस दौरान एसएसपी ने सीधे जनता से संवाद किया. उनकी समस्याओं को सुना. थाना क्षेत्र से आए लोगों ने एसएसपी के सामने अपनी फरियाद रखीं, जिनका निवारण सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने तुरंत सदर थानेदार को आवश्यक निर्देश दिए. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस जनता दरबार में मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लोगों ने अपनी चिंताएं और शिकायतें रखीं. सबसे पहले, भगवानपुर ओवरब्रिज से यादव नगर से रेवा रोड में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है. उससे निजात दिलाने की मांग प्रमुखता से उठी. लोगों ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे दैनिक जीवन और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं. एसएसपी ने इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया. दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु क्राइम कंट्रोल रहा. स्थानीय लोगों ने चोरी और चेन स्नेचिंग समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में कमी लाने के लिए बाइकर्स गैंग पर ठोस कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने एसएसपी से प्रभावी रात्रि गश्ती और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की. एसएसपी सुशील कुमार ने थानेदार को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में क्राइम मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और पेशेवर अपराधियों की धरपकड़ तेज करें. तीसरी और सबसे गंभीर शिकायत भू-माफिया पर शिकंजा कसने को लेकर थी. कई फरियादियों ने बताया कि भू-माफिया सक्रिय हैं और जबरन जमीन पर कब्जा करने, धमकाने और फर्जी कागजात बनाने का काम कर रहे हैं. एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जमीन विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और भू-माफियाओं के खिलाफ विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. प्रत्येक सप्ताह जिले के दो थानों पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा जनता दरबार लगाया जाएगा. इसको लेकर पहले से तिथि निर्धारित की गयी है. सभी थानेदार इसको अपने- अपने थाना क्षेत्र में तेजी से प्रचार- प्रसार करेंगे. एसएसपी ने जनता दरबार शुरू होने के साथ ही लोगों से पूछा कि कोई ऐसा व्यक्ति सामने आए जिसका थाने में एफआइआर नहीं हो रहा है, या फिर उनको कई दिनों से थाने पर दौड़ाया जा रहा है. पुलिसकर्मी उनसे सही से व्यवहार नहीं कर रहे हैं. लेकिन, ऐसा कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया है. एसएसपी ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जनता दरबार के बाद एसएसपी ने नगर डीएसपी टू विनिता सिन्हा की मौजूदगी में सदर थाने के पदाधिकारियों के साथ बैठक किया. थाने में पेंडिंग कांडों के निष्पादन को लेकर दिशा – निर्देश दिया .

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: CHANDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >