मुजफ्फरपुर मंदिर जमीन: जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित भीखनपुर गांव में देवी-देवताओं की 17 एकड़ 0.43 डिसमिल बेशकीमती जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने इस गंभीर गड़बड़ी को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन से तत्काल जांच रिपोर्ट तलब की है. पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी को औपचारिक पत्र भेजकर सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है.
सीओ स्तर से नहीं मिली थी रिपोर्ट
न्यास पर्षद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि इस भूमि विवाद और अवैध हस्तांतरण के संबंध में पूर्व में अंचल अधिकारी (मुशहरी) से रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन वह अब तक अप्राप्त है. इसी लापरवाही को देखते हुए अब सीधे डीएम से हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया गया है.
जांच के प्रमुख बिंदु:
- भीखनपुर गांव स्थित देवी-देवताओं की 17 एकड़ 0.43 डिसमिल जमीन के खाता, खेसरा और रकबा का अभिलेख पंजी-02 से मिलान कराना.
- किसी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी की देखरेख में स्थल निरीक्षण व राजस्व दस्तावेजों की सघन जांच.
- मंदिर के वर्तमान प्रबंधन, धार्मिक गतिविधियों, वार्षिक आय और अद्यतन संपत्ति की वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना.
धार्मिक न्यास पर्षद ने डीएम को निर्देशित किया है कि वे वरीय अधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर विस्तृत आख्या पर्षद को जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें; कोर्ट परिसर में नकली न्यायिक स्टांप बिक्री मामले में तीन आरोपितों की जमानत अर्जी खारिज
