Muzaffarpur News: हाईस्पीड बाइक बनी आफत,टक्कर के बाद युवक की जेब में धमाका

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के स्टेशन रोड में तेज रफ्तार बाइक सवार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी. हादसे में युवक सड़क पर घसीटता चला गया और उसकी जेब में रखा मोबाइल फट गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जानिए खबर विस्तार से…

Muzaffarpur News: नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में शुक्रवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने एक ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक पर सवार एक युवक सड़क पर काफी दूर तक घसीटता चला गया. इसी दौरान उसकी पॉकेट में रखा मोबाइल फोन भी फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.घटना के बाद स्थानीय लोगों और ई-रिक्शा चालक की मदद से जख्मी युवक को पकड़ लिया गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस उसे हिरासत में लेकर नगर थाना पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस


पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी देवा कुमार के रूप में हुई है. वहीं उसका साथी दीपक कुमार बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देवा कुमार पहले भी कांटी थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस ने बताया कि देवा कुमार की निशानदेही पर एक विशेष टीम आगे की कार्रवाई और छापेमारी में जुटी हुई है. फरार आरोपी दीपक कुमार की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है.

ई-रिक्शा चालक ने सुनाई आपबीती


गायघाट निवासी पीड़ित ई-रिक्शा चालक छोटू कुमार ने बताया कि वह वर्तमान में अहियापुर के बड़ा जगन्नाथ इलाके में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के समय वह यात्री लेकर जा रहे थे. इसी दौरान स्टेशन रोड में तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से जोरदार ठोकर मार दी.

पुलिस कर रही मामले की जांच


नगर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित ई-रिक्शा चालक से आवेदन देने को कहा गया है. वहीं घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपराध छोड़कर दिल्ली में जेसीबी चलाने का काम करता है. उसने दावा किया कि मोबाइल ब्लास्ट होने और हादसे के लिए ई-रिक्शा चालक जिम्मेदार है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

मुजफ्फरपुर से चंदन की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >