Muzaffarpur News: होल्डिंग टैक्स के खिलाफ फूटा गुस्सा, लोगों ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 15 May 2026 3:24 PM
होल्डिंग टैक्स के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के बरुराज नगर पंचायत में पिछले नियमों से होल्डिंग टैक्स थोपने पर भड़के लोग. बुनियादी सुविधाओं की कमी और सफाई बजट में बंदरबांट का आरोप लगाकर नगर प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन.पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के बरुराज नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नगर वासियों पर लगाए गए होल्डिंग टैक्स के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा. भारी संख्या में जुटे नगर वासियों ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने कार्यपालक पदाधिकारी और नगर अध्यक्ष के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी भी की.
नियमों को ताक पर रखकर टैक्स वसूलने का आरोप
विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने नगर पंचायत के वजूद में आने की तिथि से ही होल्डिंग टैक्स लागू कर दिया है, जो कि पूरी तरह गलत है. नियमों का हवाला देते हुए स्थानीय नागरिकों ने कहा कि टैक्स का निर्धारण नियमानुसार साल 2025 से होना चाहिए. पिछली तिथियों से टैक्स थोपना आम जनता के साथ अन्याय है.
सुविधा के नाम पर शून्य, सफाई के बजट का बंदरबांट
आंदोलनकारियों ने नगर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह ठप हैं. नगर पंचायत में न तो शुद्ध पेयजल की व्यवस्था है और न ही समय पर साफ-सफाई कराई जा रही है. लोगों का आरोप है कि सफाई के नाम पर हर महीने लाखों रुपये की निकासी कर बंदरबांट किया जा रहा है. अधिकारियों की अनुपस्थिति में नागरिकों ने कार्यालय कर्मी को अपना मांग पत्र सौंपा.
बोर्ड के निर्णय और सरकारी निर्देश में फंसा पेंच
मामले पर नगर अध्यक्षा बच्ची देवी के प्रतिनिधि ने सफाई देते हुए बताया कि बोर्ड की बैठक में केवल एक साल का टैक्स लेने का निर्णय हुआ था, लेकिन बाद में सरकार के निर्देशों के आलोक में नया टैक्स निर्धारित किया गया है. इस पूरे विवाद पर पक्ष जानने के लिए जब कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो वे अपना बयान देने के लिए उपलब्ध नहीं हो सके.
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर से अशोक कुमार पांडे की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










