मुजफ्फरपुर के मोतीपुर से अशोक पाण्डेय की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले के मोतीपुर अंतर्गत महवल औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. विरोध को लेकर आगे की रणनीति तय करने के लिए बुधवार को ग्रामीणों ने एक अहम बैठक की. ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि प्रदूषण के बड़े खतरे को देखते हुए वे किसी भी कीमत पर यहां सीमेंट फैक्ट्री स्थापित नहीं होने देंगे.
धूल-धुएं से सांस की बीमारी का खतरा, खेती भी होगी बर्बाद
बैठक में वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सीमेंट फैक्ट्री से निकलने वाली अत्यधिक धूल और जहरीले धुएं से आसपास का पूरा रिहाइशी इलाका प्रदूषित हो जाएगा. इसका स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ेगा और लोग सांस व फेफड़ों की गंभीर बीमारियों के शिकार हो जाएंगे. इसके अलावा प्रदूषण से कृषि व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो जाएगी और उपजाऊ भूमि बंजर होने की कगार पर पहुंच जाएगी. ग्रामीणों को डर है कि इस फैक्ट्री के कारण लाखों लोगों का सामान्य जनजीवन और पर्यावरण नष्ट हो जाएगा.
प्रदूषण रहित उद्योग लगाने की मांग, बड़े आंदोलन की तैयारी
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि यहां सीमेंट फैक्ट्री की जगह कोई ऐसा उद्योग लगाया जाए जो प्रदूषण रहित हो. इसके लिए अब ग्रामीण बड़े स्तर पर बहिष्कार अभियान चलाने की तैयारी में जुट गए हैं. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार गांवों को उजाड़कर जनता के जीवन से खिलवाड़ कर रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो रविवार को महापंचायत का आयोजन कर उग्र आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी. बैठक की अध्यक्षता कृष्णनंदन सहनी ने की. मौके पर मुख्य रूप से नगर परिषद सभापति कुमार राघवेंद्र राघव, भाग्यनारायण प्रसाद, शशि पटेल, रविरंजन वर्मा, संजय साह, बिंदा सिंह, देवेंद्र निराला और मनीष ओझा सहित कई लोग उपस्थित थे.
