Muzaffarpur News: नगर विधायक रंजन कुमार और मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उपजा विवाद अब थाने पहुंच गया है. विधायक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है, वहीं दूसरी ओर आरोपी युवक ने भी विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं.
सोशल मीडिया पर ‘भ्रामक’ टिप्पणी का मामला
नगर विधायक ने अपनी शिकायत में कहा है कि मुकुंद कुमार पिछले काफी समय से सोशल मीडिया पर उनके और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट डाल रहा था. विधायक का कहना है कि उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन जब वे इस विषय पर बात करने मुकुंद के कन्हौली स्थित घर पहुंचे, तो युवक ने उनके साथ बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया.
पुलिस की कार्रवाई:
मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार ने बताया कि विधायक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दूसरी ओर, मुकुंद कुमार ने भी विधायक समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया था, लेकिन उसमें कई तकनीकी त्रुटियां थीं. पुलिस ने उसे सुधार कर दोबारा आवेदन देने का निर्देश दिया है. इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
