सरकारी धान की खरीद में बड़ा खेल, गोदाम से 831 क्विंटल माल गायब

सकरा प्रखंड के मड़वन पैक्स में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के दौरान सरकारी धान खरीद में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में 19.91 लाख रुपये मूल्य के 831.75 क्विंटल धान का हिसाब नहीं मिला। इस मामले में पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

मुजफ्फरपुर क्राइम: सकरा प्रखंड के मड़वन उर्फ अजीज नगर पैक्स में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के दौरान सरकारी धान अधिप्राप्ति में बड़ी गड़बड़ी सामने आयी है. जांच में 19 लाख 91 हजार 209 रुपये 50 पैसे मूल्य के 831.75 क्विंटल धान का हिसाब नहीं मिला. मामले में वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सकरा अनीश कुमार दुबे के लिखित आवेदन पर बरियारपुर थाने में पैक्स अध्यक्ष प्रेमजीत कुमार उर्फ परमजीत कुमार सिंह और पैक्स प्रबंधक चंद्र किशोर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

46 किसानों से खरीदा गया था 2955 क्विंटल धान

सहकारिता विभाग के अनुसार, खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में मड़वन उर्फ अजीज नगर पैक्स ने 46 किसानों से कुल 2955.75 क्विंटल धान की खरीद की थी. नियमानुसार खरीदे गये धान के 68 प्रतिशत के बराबर 2009.91 क्विंटल सीएमआर यानी चावल बिहार राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराना था.

हालांकि, 24 जुलाई 2026 तक पैक्स की ओर से केवल 1450 क्विंटल सीएमआर की आपूर्ति की गयी थी. इसके बाद विभाग ने पैक्स के पास उपलब्ध धान और सीएमआर आपूर्ति की स्थिति की जांच शुरू की.

गोदाम में 831 क्विंटल धान कम मिला

विभाग की ओर से बार-बार सूचना देने के बावजूद सीएमआर की आपूर्ति में अपेक्षित तेजी नहीं आयी. इसके बाद 18 जुलाई 2026 को पैक्स प्रबंधक की मौजूदगी में गोदाम का भौतिक सत्यापन कराया गया.

विभागीय पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, गोदाम में 1258.25 क्विंटल धान मौजूद होना चाहिए था. लेकिन जांच के दौरान मौके पर केवल 426.50 क्विंटल धान ही मिला. इस तरह रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन के बीच 831.75 क्विंटल धान का अंतर पाया गया.

19.91 लाख रुपये आंका गया धान का मूल्य

जांच में गायब मिले धान का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य और गन्नी बैग सहित 19 लाख 91 हजार 209 रुपये 50 पैसे आंका गया है. मामले में जिला सहकारिता पदाधिकारी की ओर से पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया.

विभाग के अनुसार, दोनों की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. इसके बाद विभाग ने उपलब्ध रिकॉर्ड और जांच के आधार पर अवशेष धान के गबन की आशंका जतायी.

प्राथमिकी के बाद पुलिस जांच शुरू

जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश पर वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर बरियारपुर थाने में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अब जांच के दौरान धान की कमी के कारणों, रिकॉर्ड और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी.

यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर: शौच के लिए नदी किनारे गए थे 73 वर्षीय दीपलाल राय, अगले दिन मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Premanshu shekhar

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >