मोतीझील खरीदारी का हब, जाम से पड़ रहा बाजार पर असर

मोतीझील खरीदारी का हब, जाम से पड़ रहा बाजार पर असर

-कपड़ा, जूते-चप्पल, मोबाइल व किताबों का सबसे बड़ा बाजार

-समस्याओं से जूझ रहे दुकानदार, फुटपाथ पर भी चलना दूभर

मुजफ्फरपुर.

शहर के सबसे व्यस्त बाजार मोतीझील कपड़े, जूते चप्पल, मोबाइल और किताबों का सबसे बड़ा हब है. यहां से रोजाना 70 से 80 लाख का कारोबार होता है. खरीदारी के लिए अधिकतर लोग इस बाजार में पहुंचते हैं. कल्याणी से धर्मशाला चौक तक खरीदारी के लिए सुबह से शाम तक भीड़ लगी रहती है. लेकिन इस बाजार की मुख्य समस्या जाम की है. यहां से खरीदारी करने के लिए लोगों को आधे से एक घंटा बर्बाद करना पड़ता है. इसका प्रभाव यहां के बाजार पर पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि यहां तीन-चार सेक्टर का सबसे बड़ा बाजार है. आवागमन की सुविधा व रेलवे गुमटी पर लगने वाली भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यहां पुल तो बना, लेकिन लोगों का आना-जाना सहज नहीं हो सका. पुल पर बाइक व चार पहिया वाहनों की कतार लग जाती है. ग्राहक अपनी गाड़ी पुल पर पार्क करते हैं, जिससे भीषण जाम लगता है. इस जाम में कोई खरीदारी भी करना चाहे तो उसके लिए मुश्किल हो जाती है. शहर का यह मुख्य बाजार है. समय के साथ यहां के कारोबार का ग्रोथ होना चाहिए, लेकिन जाम के कारण यहां का बाजार प्रभावित हो रहा है.

मोतीझील में पार्किंग की व्यवस्था नहीं

मोतीझील में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. कोई बाइक से भी खरीदारी करने पहुंचे तो बाइक पार्क करने की जगह नहीं है. दुकानों के पास बने फुटपाथ पर कुछ जगह है भी तो वह अतिक्रमित है. फुटपाथ पर इतने दुकान लगे हुए हैं कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल है. ऐसी स्थिति में गाड़ी पार्क कर सामान खरीदना बहुत मुश्किल कार्य है. अगर बाइक खड़ी की है तो जाम लगना तय है. नगर निगम यहां पार्किंग की व्यवस्था करें. – आकाश कंदोई, रेडिमेड गार्मेंट्स

सार्वजनिक यूरिनल व शौचालय की हो व्यवस्था

हमलोगों की यहां बहुत पुरानी दुकान है. भीड़ पहले से बढ़ी है, लेकिन खरीदार नहीं बढ़ रहे हैं. शाम में सड़कों पर भीड़ रहती है, लेकिन दुकानों में ग्राहक नहीं रहते. इस बाजार की पार्किंग की समस्या के साथ सार्वजनिक यूरिनल व शौचालय नहीं होना है. इससे महिलाओं को काफी परेशानी होती है. नगर निगम को इस बाजार को ठीक करने की पहल करनी चाहिए. यहां बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था हो. – रवि कुमार, कपड़ा दुकानदार

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >