-नामांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं किए जाने का लगाया आरोप
मुजफ्फरपुर.
बीआरएबीयू में इंटीग्रेटेड बीएड के विद्यार्थियों ने गुरुवार को हो-हल्ला किया. ये सभी पीजी कोर्सों में चल रहे नामांकन प्रक्रिया से वंचित है. इस दौरान दर्जनों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय पहुंचकर पीजी विभागों से लेकर काॅलेजों में चल रही नामांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं किए जाने का आरोप लगाया है. छात्रों ने विश्वविद्यालय पहुंच कर डीएसडब्ल्यू कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान उन्होंने डीएसडब्ल्यू डाॅ आलोक प्रताप सिंह से अपनी समस्याएं सुनायी. छात्र किशन कुमार ने कहा कि पहले मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. शुक्रवार तक नामांकन की आखिरी तिथि है. यदि विश्वविद्यालय की ओर से नामांकन संबंधी अधिसूचना जारी नहीं की जाती है, तो सीटें नहीं बचेंगी. कहना था कि अगर अगले सप्ताह या होली के बाद नामांकन संबंधी अधिसूचना जारी होगी तो तब तक संबंधित विषयों में सीटें ही खाली नहीं बचेंगी. ऐसे में जल्द से जल्द नोटिफिकेशन जारी कराया जाए. छात्रों की मांग पर विश्वविद्यालय स्तर से यूएमआइस विभाग से रिपोर्ट ली गयी है. बताया जा रहा है कि जल्द ही इसपर निर्णय होगा.अब तक 6 हजार से अधिक नामांकन
पीजी कोर्सों में अब तक छह हजार से अधिक नामांकन हो हुआ है. नामांकन के बाद कॉलेजों और पीजी विभागों की ओर से इसका रिकार्ड अपडेट कराया गया है. वहीं पहली मेरिट लिस्ट से नामांकन के बाद दो दिन में पूरी रिपोर्ट सामने आएगी. इस आधार पर बाकी बची सीटों पर नामांकन के लिए विश्वविद्यालय की ओर से दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी. बताया जा रहा है कि दो से तीन मार्च के बीच दूसरी मेधा सूची जारी हो सकती है.नामांकन समिति में निर्णय के बाद परेशानी
विद्यार्थियों ने कहा कि पिछले दिनों हुई नामांकन समिति की बैठक में विश्वविद्यालय की ओर से निर्णय लिया गया था, कि इंटीग्रेटेड बीएड के साथ संबंधित विषय में स्नातक करने वाले छात्र-छात्राओं को उसी विषय में पीजी में नामांकन के लिए योग्य हैं. साथ ही यह भी कहा गया था कि अगर उन्होंने उसी विषय से पीजी में नामांकन के लिए आवेदन दिया है, तो उनका नामांकन होगा. बावजूद इसके अब तक उनके नामांकन संबंधी अधिसूचना जारी नहीं की गई है. जब वे काॅलेज और पीजी विभागों में नामांकन के लिए पहुंच रहे हैं तो उन्हें वहां से भगा दिया जा रहा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
