:: रेवा रोड में अंबारा चौक के समीप की घटना
प्रतिनिधि, सरैया थाना क्षेत्र में एनएच 722 रेवा रोड में अंबारा चौक के समीप मंगलवार की शाम दो हाइस्पीड अनियंत्रित बाइक की आमने सामने की टक्कर में दोनों बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक अपाचे बाइक चालक की पहचान सारण जिले के छपरा शहर के भागवतनगर निवासी मुन्ना सिंह के पुत्र मनजीत सिंह व राइडर बाइक सवार मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बसंतपुर पट्टी निवासी लखन पासवान के रूप में हुई है. मृतक मंजीत सिंह मुजफ्फरपुर में खेल विभाग में पदस्थापित था. मंगलवार की शाम बाइक से मुजफ्फरपुर से छपरा घर जा रहा था. रेवा गांव की ओर से राइडर बाइक पर सवार बसंतपुर पट्टी निवासी लखन पासवान अंबारा चौक की तरफ आ रहा था. तभी अंबारा चौक के समीप दोनों बाइक की आमने सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद बीच सड़क पर गिरने के बाद अत्यधिक खून गिरने से घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई. थाना प्रभारी सह ट्रेनी आईपीएस गरिमा दलबल के साथ घटनास्थल पहुंच छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम में एसकेएमसीएच भेज दिया.
मालूम हो कि मृतक मंजीत की रिंग सेरेमनी हो चुकी थी और अप्रैल में शादी होने वाली थी. वहीं मृतक लखन की बहन की शादी बुधवार को थी. मंगलवार को मड़वा मटकोर घर पर हो रहा था. शादी समारोह संबंधी कुछ सामान लाने के लिए रेवा गांव गया था. लौटने के क्रम में दुर्घटना में मौत हो गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
