Kanti Congress Protest: प्रखंड कांग्रेस इकाई कांटी की ओर से पार्टी कार्यालय के समीप देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मो. अब्दुल्ला ने की. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षाओं में हो रही धांधली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया.
लाखों छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा है खिलवाड़: कृपाशंकर शाही
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष (पश्चिमी) कृपाशंकर शाही ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश के अनगिनत मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन किसी न किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक कराकर छात्रों के मनोबल को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा रहा है. सालों तक कड़ी मेहनत करने वाले युवाओं का भरोसा इस पूरी चयन प्रक्रिया से उठ चुका है.
सरकार के ताबूत में कील ठोकने का काम, बर्खास्तगी की उठी मांग
जिला मीडिया प्रभारी सुशील कुमार शाही ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने पहले 'छात्रों की गूँज' कार्यक्रम के माध्यम से इस कुंभकर्णी सरकार को नींद से जगाने का काम किया था. अब पुतला दहन कर तानाशाह सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी जा रही है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सरकार अब भी नहीं जागी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त नहीं किया गया, तो केंद्र की इस छात्र विरोधी सरकार का पिण्डदान भी कर दिया जाएगा.
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मो. अब्दुल्ला के साथ मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता ओंकारनाथ चौधरी, सुशील कुमार शाही, धीरेन्द्र चौधरी उर्फ बिचाली, एससी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष आलोक कुमार राम आदि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र संगठन के सदस्य मौजूद थे.
