रामपुर भेड़ियाही पंचायत की मुखिया का पति है आरोपी मनोज प्रतिनिधि, मोतीपुर प्रखंड की रामपुर भेड़ियाही पंचायत की मुखिया जुली देवी के पति मनोज कुमार सिंह को अहियापुर पुलिस ने बुधवार की रात नशे में गिरफ्तार कर लिया. उनकी गिरफ्तारी मुजफ्फरपुर शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र के बीनू नगर रसूलपुर स्थित उनके आवास के पास से हुई. पुलिस ने उनके खिलाफ थाने में तैनात अनि पिंकू कुमार के बयान पर एफआइआर दर्ज कर न्यायालय में पेश किया. एफआइआर में कहा गया है कि पुलिस छापेमारी के लिए बीनू नगर रसूलपुर मोहल्ले में गयी थी. उस समय टहल रहे एक व्यक्ति से वारंटी का पता पूछा. बातचीत करने के क्रम में उस व्यक्ति के मुंह से शराब की दुर्गंध आयी तो उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनोज कुमार सिंह, ग्राम सीरिसिया जगदीश, थाना कथैया बताया. जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कर उसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
