जेल से निकलते ही युवक का अपहरण, पत्नी ने दर्ज करायी एफआइआर

जेल से निकलते ही युवक का अपहरण, पत्नी ने दर्ज करायी एफआइआर

संवाददाता, मुजफ्फरपुर जेल चौक के पास रविवार को एक युवक का अपहरण हो गया. युवक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के छिटभगवतीपुर गांव के 22 वर्षीय मोहम्मद तनवीर के रूप में हुई है. उसकी पत्नी गजला प्रवीण ने नगर थाने में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करायी है. उसने काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के जकारिया कॉलोनी के दो महिलाओं और एक पुरुष समेत कुछ अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है. उन्होंने बताया कि उनके पति को बाइक चोरी के आरोप में नगर थाना पुलिस ने दो महीने पहले गिरफ्तार किया था. रविवार को जमानत पर जेल से बाहर आते ही आरोपियों ने चाकू की नोक पर जबरदस्ती उनके पति को एक ऑटो में बैठा लिया. जब उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनके पति को लेकर फरार हो गये. पत्नी ने पुलिस को बताया कि उन्हें डर है कि आरोपी उनके पति की हत्या कर सकते हैं, क्योंकि सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ नगर और मिठनपुरा समेत कई थानों में पहले से ही मामला दर्ज है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आयी है कि युवक ने दो शादियां की हैं और जमानत पर छूटने के बाद वह अपनी दूसरी पत्नी और उसके परिवार के साथ चला गया है. नगर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और युवक की तलाश जारी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

SUMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >