मुजफ्फरपुर/सारण : ट्रैक्टर में लगे जीपीएस सिस्टम से पुलिस को चोरों को पकड़ने में सफलता मिली है. 29 जनवरी की रात रामदयालु नगर इलाके से चोरी ट्रैक्टर को मशरक पुलिस ने चोरों सहित पकड़ लिया. मनियारी थाने के अमरख गांव निवासी रामनाथ प्रसाद का ट्रैक्टर चोरी हो गया था. घटना को लेकर पीड़ित ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
सदर थानेदार सुनील कुमार रजक ने बताया कि ट्रैक्टर में लगे जीपीएस सिस्टम से रामनाथ प्रसाद को सारण के मशरक थाना क्षेत्र में गाड़ी होने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने वहां की पुलिस से संपर्क किया. मशरक पुलिस ने बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान तरैया मोड़ से चोरी के ट्रैक्टर के साथ चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया. पुअनि मिथिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में वाहन चेकिंग कर रही पुलिस बल को सूचना मिली कि चोरी का एक लाल रंग का महेंद्रा ट्रैक्टर एसएच-73 से मलमलिया ले जाया जा रहा है.
तरैया मोड़ के पास पुलिस को देख ट्रैक्टर पर सवार दो व्यक्ति और एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने चारों व्यक्ति को खदेड़ कर पकड़ लिया. पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया. गिरफ्तार व्यक्ति से गहन पूछताछ के बाद ट्रैक्टर चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ. गिरफ्तार व्यक्ति के अलावे कई लोगों की संलिप्तता सामने आयी है. पूछताछ के बाद गिरफ्तार चोरों ने 6 ट्रैक्टर की चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की है.
इसमें डेरनी थाना क्षेत्र के विश्वमरपुर से, गरखा थाना क्षेत्र के गरखा-छपरा रोड स्थित फुरसतपुर से, जलालपुर के भटकेशरी से, अमनौर के बसंतपुर और ढोलाही नारा लाईन होटल के पास से और रामदयालु नगर इलाके से ट्रैक्टर की चोरी की गयी है. इस गिरोह के ग्रुप लीडर मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के तहत गोविंद बहिलवारा टोले चैनपुर गांव निवासी अवधेश कुमार वर्मा का नाम सामने आया है.
जबकि गोपालगंज के बैकुंठपुर थानांतर्गत राजापट्टी गांव निवासी सुनील सिंह के माध्यम से चोरी का ट्रैक्टर बेचा गया है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. सदर थानेदार सुनील कुमार रजक ने बताया कि चोरी हुए ट्रैक्टर को बरामद कर लिया गया है. केस के आइओ को मशरक भेजा जायेगा.
