मुंगेर. चैत्र नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने देवी दुर्गा के छठे स्वरूप माता कात्यायनी की पूजा की. भक्ति भाव के साथ मां भवानी की पूजा-अर्चना कर भक्तों ने मन्नतें मांगी. वहीं अब नवरात्र के सिर्फ तीन दिन शेष रह गये हैं. नवरात्र की सप्तमी पर बुधवार को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विभिन्न दुर्गा मंदिरों का पट खुल जायेगा. इसके बाद गुरुवार को अष्टमी और शुक्रवार को नवमी के बाद नवरात्र का समापन हो जाएगा. वहीं बुधवार को विभिन्न दुर्गा मंदिरों का पट खुलने को लेकर कलाकार माता दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं.
बताया गया कि गुरुवार को अष्टमी और शुक्रवार को नवमी पूजा के बाद शनिवार को विजया दशमी के दिन व्रती नवरात्र का पारण करेंगे. वहीं बुधवार की शाम में मंदिर का पट खुल जायेगा तथा श्रद्धालु माता का दर्शन कर सकेंगे. नवरात्र को लेकर शहर से गांव तक पूरी तरह से भक्ति का माहौल बना हुआ है. दुर्गा सप्तशती के श्लोक व आरती से चारों दिशाएं गुंजायमान हो रही हैं. शहर के शेरपुर स्थिति बड़ी दुर्गा महारानी स्थान में भव्य पंडाल बनाया गया है. वहीं मुगलबाजार शिवालय, मोगलबाजार नयाटोला, पूरबसराय वासंती तालाब, बिंदवाड़ा, चुआबाग, कौड़ा मैदान, रिफ्यूजी कॉलोनी, मुख्य बाजार, छोटी केलाबाड़ी, गुलबाजर पोखबर, महमदा सहित दर्जनों स्थानों पर स्थापित माता दुर्गा की प्रतिमाओं के पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती ही जा रही है. इन स्थानों पर संध्याकाल में आरती के दौरान भी काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे हैं.आज खुलेगा पट, माता के दर्शन को उमड़ेंगे श्रद्धालु
चैत्र नवरात्र : छठे दिन श्रद्धालुओं ने की माता कात्यायनी की आराधना
