बड़ा महावीर मंदिर में भगवान के तीन मुकुट की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

शहर में आस्था का प्रमुख केंद्र बड़ा महावीर मंदिर में शनिवार की रात हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है.

आस्था पर प्रहार. चोरों ने गर्भगृह में घुसकर बजरंगबली, श्रीराम व लक्ष्मण के चांदी के मुकुट उड़ाये

कोतवाली पुलिस के हिरासत में तीन संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ

मुंगेर. शहर में आस्था का प्रमुख केंद्र बड़ा महावीर मंदिर में शनिवार की रात हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है. चोरों ने न केवल मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था को चुनौती दी, बल्कि गेट फांद कर गर्भगृह में प्रवेश कर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और बजरंगबली के चांदी के मुकुट चुरा लिये. वैसे घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है और पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.

बताया जाता है कि शनिवार की मध्य रात्रि चोर मुख्य गेट को फांदकर मंदिर परिसर में दाखिल हुए. इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान बजरंगबली, भगवान श्रीराम व लक्ष्मण की प्रतिमाओं के मस्तक पर सजे चांदी के मुकुट की चोरी कर ली. रविवार की सुबह में जब महंत ने पूजा-अर्चना के लिए मंदिर का पट खोला तो दंग रह गये. क्योंकि भगवान की प्रतिमाओं पर से चांदी के मुकुट गायब थे. कुछ ही देर में श्रद्धालुओं की भीड़ वहां जमा हो गयी, जबकि कोतवाली थाना पुलिस भी वहां पहुंच कर मामले की छानबीन की.

चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद

यह पूरी घटना गर्भगृह में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है, जिसमें चोर की हरकतें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं. फुटेज में दिख रहा है कि शनिवार की रात करीब 1:30 बजे चोर मंदिर के गेट को फांद कर परिसर में प्रवेश करता है. इसके बाद मंदिर के मुख्य दरवाजा को तोड़ने का प्रयास किया. जब वह नहीं टूटा तो बगल के किवाड़ का कुंडी खोल कर गर्भगृह में प्रवेश करता है. इसके बाद चोर द्वारा प्रतिमाओं के मस्तक पर लगे मुकुट को निकाल रहा है.

महंत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, हिरासत में तीन

मंदिर के महंत घनश्याम दास ने कोतवाली थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

कोतवाली थानाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि चोरों ने मंदिर से भगवान की प्रतिमा पर लगे मुकुट की चोरी कर ली है. महंत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है. तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >