मुंगेर-सुलतानगंज-भागलपुर मरीन ड्राइव परियोजना का अधिकारियों ने किया हवाई सर्वेक्षण
मुंगेर. मुंगेर जिले में मरीन ड्राइव का सपना जल्द ही साकार होने वाला है. मुंगेर- सुलतानगंज-भागलपुर मरीन ड्राइव (गंगा पथ) परियोजना के अलाइनमेंट का शनिवार को अधिकारियों ने हवाई सर्वेक्षण किया. इसमें पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के मुख्य महाप्रबंधक बब्लु कुमार के साथ मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर शामिल थे. बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के तहत क्रियान्वित यह परियोजना 80.02 किलोमीटर की है. इस पर लगभग 9998 करोड़ रुपये खर्च होंगे.जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल तथा बीएसआरडी के निदेशक शनिवार को हवाई मार्ग से मुंगेर सफियाबाद स्थित हवाई अड्डा पहुंचे. वहां से उन्होंने मुंगेर जिले में घोषित गंगा पथ निर्माण के अलाइनमेंट का हवाई सर्वेक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गंगा पथ निर्माण के लिए चिह्नित हेरूदियारा से लेकर सुल्तानगंज तक का हवाई सर्वेक्षण किया. इसके साथ ही मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन, मुंगेर-मोकामा तथा रक्साैल-हल्दिया फोरलेन के लिए भी हवाई सर्वेक्षण किया गया. उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान जल मार्ग में बनने वाले सभी अलाइनमेंट का बारीकी से निरीक्षण किया गया है. निरीक्षण के पश्चात अलाइनमेंट की सारी रूप रेखा तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी. फिर निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होगी. सर्वेक्षण में उक्त सभी फोरलेन के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया. उन्होंने कहा कि जल्द ही मुंगेर जिले को इन फोरलेन के साथ ही गंगा पथ का तोहफा मिलने वाला है. इससे मुंगेर के विकास को नयी गति और दिशा मिलेगी.
मरीन ड्राइव के अलाइनमेंट में बदलाव की संभावना
मुंगेर-सुल्तानगंज-भागलपुर मरीन ड्राइव परियोजना के अलाइनमेंट में बदलाव की संभावना व्यक्त की जा रही है. अधिकारियों ने हवाई सर्वेक्षण में इस बात का गहन अवलोकन किया कि गंगा किनारे बनने वाले इस पथ में सड़क व घनी आबादी वाले इलाके से हटकर एलिवेटेड (जमीन की सतह से ऊपर, खंभों या पुल की संरचना पर बनी) पथ का निर्माण किया जाये, ताकि इसके जमीन अधिग्रहण में मकानों की संख्या कम से कम हो. विदित हो कि यह परियोजना दो चरणों में पूरी की जायेगी. पहले फेज में मुंगेर के हेरू दियारा से लेकर अजगैबीनाथ धाम सुल्तानगंज तक 42 किलोमीटर गंगा पथ बनना है, जिसपर लगभग 5119 करोड़ का खर्च आयेगा, जबकि दूसरे फेज में सुल्तानगंज से भागलपुर होते हुए सबौर तक 48.08 किलोमीटर पथ का निर्माण होगा. इसपर 4849 करोड़ की लागत आयेगी.
