मुंगेर, हवेली खड़गपुर. नगर के पश्चिम अजीमगंज स्थित भानुमति आईटीआई परिसर में रविवार को प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन की हवेली खड़गपुर शाखा की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक और कोचिंग संस्थानों के निदेशकों को चादर एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पीसी प्रसाद, सचिव महेश सिंह, कोषाध्यक्ष जींस एलोकस, मीडिया प्रभारी मो. खालिद, शाखा अध्यक्ष नंदकिशोर चौधरी, सचिव नीरज कुमार एवं कोषाध्यक्ष दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव नीरज कुमार ने किया.
समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण
समारोह को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष नंदकिशोर चौधरी ने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों को सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ता है. इससे शिक्षक और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में जुटते हैं.
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना भी विकसित करते हैं. विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है.
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा.
विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और निदेशक रहे मौजूद
समारोह में हेब्रोन मिशन स्कूल, यशोदा देवी पारामाउंट पब्लिक स्कूल हवेली खड़गपुर, केएम एकेडमी, एस पब्लिक स्कूल, डीएम इंग्लिश स्कूल, संत टेरेसा सेमिनरी, यूनिक एजुकेशन प्वाइंट हवेली खड़गपुर, राइजिंग स्टार, बाल विद्यालय एवं स्टार एजुकेशन तारापुर समेत विभिन्न निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के निदेशक, शिक्षक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे.
