एनएच-80 पर तेज रफ्तार वाहन ने सैलून कर्मी को कुचला, मौके पर हो गयी मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Munger Road Accident News : मुंगेर में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया. सड़क पार कर रहे एक सैलून कर्मी को अज्ञात वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर एनएच-80 जाम कर दिया.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger News : मुंगेर के हेमजापुर थाना क्षेत्र स्थित सिंघिया गांव के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय पंकज ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे के साथ तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई.

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सिंघिया गांव निवासी पंकज ठाकुर मंगलवार को घर से निकलकर सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान पटना की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज कई फीट हवा में उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे.

सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर हो गयी मौत

हादसे में पंकज ठाकुर के सिर में गंभीर चोट लगी. स्थानीय लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

शव रखकर एनएच-80 किया जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों ने सिंघिया चौक के समीप शव को सड़क पर रखकर एनएच-80 जाम कर दिया. बांस-बल्ला लगाकर किए गए इस विरोध प्रदर्शन के कारण राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

मुआवजा और सुरक्षा की मांग

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की. साथ ही क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित निगरानी और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की भी मांग उठाई. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे.

परिवार का एकमात्र सहारा था पंकज

बताया जाता है कि पंकज ठाकुर मुंगेर शहर के एक सैलून में नाई का कार्य करते थे और उसी आय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जाम हटाने में जुटी रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही हेमजापुर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन लोगों से वार्ता कर समाधान निकालने में जुटा हुआ था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >