मुंगेर. घरैलू गैस सिलिंडर संकट के बीच कालाबाजारी और रेस्टोरेंट में उसके गलत उपयोग के खिलाफ मंगलवार को सदर एसडीओ कुमार अभिषेक के नेतृत्व में शहर के 15 रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान व नाश्ते की दुकान पर छापेमारी की गयी. इसमें गलत तरह से एलपीजी का उपयोग करते पाया गया और 13 घरेलू गैस सिलिंडर को जब्त किया गया. दुकान संचालक को कड़ी चेतावनी दी गयी है कि अगर दुबारा घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग करते पाये गये तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन के इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मचा रहा.
15 रेस्टोरेंट पर छापा, 13 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त
मुंगेर शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान व नाश्ते की दुकान पर लगातार घरेलू गैस सिलिंडर के उपयोग की सूचना मिलने पर मंगलवार को शहर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. एसडीओ सदर कुमार अभिषेक की निगरानी में निकली टीम ने शहर के कोतवाली व पूरबसराय थाना क्षेत्र के 15 दुकानों पर छापेमारी की. इस दौरान टीम ने कुल 13 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया. टीम ने पीएनबी चौक स्थित श्रीमिष्टान से एक, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक स्थित न्यू गोकुल से तीन, पूरबसराय स्थित दिल्ली दरबार रेस्टोरेंट से चार, हिमालया बिरयानी दरबार से दो तथा आजाद चौक स्थित एक नाश्ता दुकान से तीन घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया. ये सभी घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग कर अपना-अपना कारोबार कर रहे थे. छापेमारी दल में बीडीओ सदर विश्वजीत तिवारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सदर शिवम गोस्वामी व कोतवाली थाना की पुलिस शामिल थी.
कहते हैं एसडीओ सदर
एसडीओ कुमार अभिषेक ने बताया कि छापेमारी के दौरान 13 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया गया. सभी सिलिंडर को कोतवाली थाना को सौंप दिया गया है. डीएम के आदेश के अनुरूप काॅमर्शियल की जगह डोमेस्टिक सिलिंडर यूज करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि अगर रेस्टोरेंट संचालकों को काॅमर्शियल सिलिंडर मिलने में परेशानी होती है, तो कोयला व लकड़ी चूल्हा या इंडक्शन का उपयोग करें. घरेलू गैस सिलिंडर उपयोग नहीं करें.
कहते हैं जिलाधिकारी
जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया के जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन लोगों द्वारा जबरदस्ती गैस की कालाबाजारी करने व उसके दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए आज तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान कुछ जगहों से घरेलू गैस सिलिंडर भी गलत तरीके से उपयोग करने पर जब्त किया गया. उन्होंने आमजन से अपील किया कि कोई भी गैस को लेकर भयभीत न हो तथा बेवजह कालाबाजारी न करें. पकड़े जाने पर कार्रवाई की जायेगी.
—————————————————————-प्रशासन के आदेश को ठेंगा, सड़क पर लाइन लगवा कर आपूर्ति किया जा रहा गैस सिलिंडरमुंगेर. प्रशासनिक आदेश के बावजूद मुंगेर में गैस एजेंसी संचालक होम डिलीवरी के बजाय गोदाम से एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. हद तो यह है कि गोदाम से मुख्य सड़क तक लाइन लगवा कर गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है. इससे जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है. बताया जाता है कि मंगलवार को चुआबाग में मां गंगा गायत्री के एचपी गैस एजेंसी के गोदाम से लंबी लाइन लगाकर एजेंसी संचालक द्वारा गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा था. विदित हो कि जिलाधिकारी निखिल धनराज ने सख्त आदेश दिया है कि गोदाम से नहीं बल्कि गैस की आपूर्ति होम डिलीवरी ही करें. बावजूद एजेंसी संचालक उनके आदेश को ठेंगा दिखा रहे हैं.
