बाढ़ और बारिश के बीच बरियारपुर में देर रात करीब दो बजे बरियारपुर ओवरब्रिज से लगभग आधा किलोमीटर दूर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया. इसकी चपेट में मक्का लदा ट्रक आ गया और देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे बाढ़ के पानी में जा गिरा. हादसे के दौरान चालक और उपचालक ने किसी तरह ट्रक से निकलकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
पूर्णिया से मक्का लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था ट्रक
बताया जाता है कि ट्रक पूर्णिया से मक्का लेकर बरियारपुर-खड़गपुर के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहा था. बरियारपुर ओवरब्रिज से नीचे उतरने के बाद ट्रक कुछ दूर ही आगे बढ़ा था कि सड़क किनारे का हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क धंसते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाढ़ के पानी में जा गिरा. हादसे में ट्रक के साथ उसमें लदा मक्का भी पानी में समा गया.
बाढ़ प्रभावितों को बचाने के लिए किनारे किया था ट्रक
चालक शमशुद्दीन अंसारी ने बताया कि सड़क की स्थिति पहले से ही काफी खराब थी. सड़क किनारे बाढ़ प्रभावित लोगों ने अपना आशियाना बना रखा था. उन्हें बचाने के लिए ट्रक को थोड़ा किनारे करना पड़ा. इसी दौरान सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया और ट्रक पानी में चला गया.
गनीमत रही कि चालक शमशुद्दीन अंसारी और उपचालक रियाजुद्दीन अंसारी समय रहते ट्रक से बाहर निकल गए. दोनों पानी से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई.
कमजोर सड़क ने बढ़ाई आवागमन की चिंता
बाढ़ के कारण पहले से ही सड़कें कमजोर हो चुकी हैं. ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क धंसने की घटना ने आवागमन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने बाढ़ प्रभावित सड़क की स्थिति को देखते हुए तत्काल सुरक्षा उपाय और मरम्मत कराने की मांग की है.
ये भी पढ़ें : मुंगेर में गंगा का रौद्र रूप, खतरे के निशान से 74 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर, 35 पंचायत बाढ़ से प्रभावित
