शिवलिंग संपूर्ण ब्रह्मांड का प्रतीक, सृजन शक्ति और अनंतता का करता है प्रतिनिधित्व : कमल मिश्रा

भगवान शिव प्रकट हुए और ब्रह्माजी के अहंकार को दंडित करते हुए सत्य और विनम्रता का संदेश दिया.

मोहनपुर में शिव पुराण कथा के दूसरे दिन शिवलिंग उत्पत्ति का दिव्य वर्णन, भक्ति में डूबे श्रद्धालु धरहरा धरहरा प्रखंड के मोहनपुर गांव स्थित कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय शिव पुराण कथा के दूसरे दिन अयोध्या से पधारे कथावाचक कमल मिश्रा ने शिवलिंग उत्पत्ति की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया. कथा श्रवण के लिए मंदिर परिसर में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु जुटे, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया. कथावाचक ने बताया कि शिव पुराण के अनुसार शिवलिंग की उत्पत्ति भगवान विष्णु और ब्रह्माजी के बीच श्रेष्ठता के विवाद को समाप्त करने के लिए एक अनंत अग्निस्तंभ (ज्योतिर्लिंग) के रूप में हुई थी. यह स्तंभ भगवान शिव की अनंत और निराकार शक्ति का प्रतीक है, जिसका न कोई आदि है और न अंत. उन्होंने बताया कि सृष्टि के प्रारंभ में जब भगवान विष्णु और ब्रह्माजी के बीच यह विवाद हुआ कि सबसे शक्तिशाली कौन है, तब दोनों के बीच घमासान युद्ध छिड़ गया. इसी समय भगवान शिव एक विशाल अग्निस्तंभ के रूप में प्रकट हुए और दोनों को चुनौती दी कि जो इस स्तंभ का आदि या अंत खोज लेगा, वही श्रेष्ठ माना जायेगा. भगवान विष्णु वराह रूप धारण कर नीचे पाताल की ओर गए, जबकि ब्रह्माजी हंस का रूप लेकर ऊपर आकाश की ओर बढ़े. विष्णु जी को अंत नहीं मिला और उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली, लेकिन ब्रह्माजी ने झूठ बोलते हुए ऊपरी छोर मिलने का दावा किया. तभी भगवान शिव प्रकट हुए और ब्रह्माजी के अहंकार को दंडित करते हुए सत्य और विनम्रता का संदेश दिया. उन्होंने बताया कि शिवलिंग संपूर्ण ब्रह्मांड का प्रतीक है, जो सृजन शक्ति और अनंतता का प्रतिनिधित्व करता है. शिव महापुराण, जो लगभग 24 हजार श्लोकों में विभाजित सात संहिताओं का ग्रंथ है, उसका श्रवण करने से मनुष्य के पापों का नाश होता है और उसे मानसिक शांति व मोक्ष की प्राप्ति होती है. उन्होंने कहा कि शिव महापुराण का श्रवण कलियुग में अत्यंत फलदायी है, जो व्यक्ति को नकारात्मकता, भय और दुखों से मुक्ति दिलाता है तथा शिव भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करता है. मौके पर सतीश कुमार सिंह, अनोज कुमार सिंह, आदित्य वनमाली, राजन कुमार सिंह, बिट्टू कुमार सिंह, धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >