– जिलाधिकारी ने मेला मद में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से मांगे 62.50 लाख
मुंगेरएक माह तक चलने वाली प्रसिद्ध सीताकुंड माघी मेला को राज्य सरकार ने गत वर्ष राजकीय मेला का दर्जा दे दिया. लेकिन मेला के लिए राशि आवंटन के अभाव में माघी मेला की तैयारी आधी-अधूरी है. इसी तैयारी के बीच जिला प्रशासन और सीताकुंड विकास समिति संयुक्त रूप से 31 जनवरी को मेला का उद्घाटन कार्यक्रम कर रही है. वैसे एक ओर जहां फर्नीचर की दुकान सजने लगी है, वहीं झुला व अन्य मनोरंजन की व्यवस्था मेला में किया गया है.
जुलाई 2025 को मिल चुका है राजकीय मेला का दर्जा
29 जुलाई 2025 को हुए मंत्रीपरिषद की बैठक में सीताकुंड माघी मेला को राजकीय मेला का दर्जा दिया गया था. जिसके तहत राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को निर्देश दिया गया था कि मुंगेर जिलान्तर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक सीताकुंड मेला को बिहार राज्य मेला प्राधिकार के प्रबंधन के अंतर्गत सम्मलित किया जाय. इसे लेकर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने 4 अगस्त 2025 को एक अधिसूचना भी जारी किया. जिसमें कहा गया है कि बिहार राज्य मेला अधिनियम-2008 ( बिहार अधिनियम 20,2008 ) की धारा के प्रावधानों के तहत मुंगेर जिले के ऐतिहासिक एवं पौराणिक सीताकुंड मेला को बिहार राज्य मेला प्राधिकार के प्रबंधन के अंतर्गत सम्मलित किया जाता है.
जिलाधिकारी ने मेला मद में मांगा 62 लाख का आवंटन
सीताकुंड मेला के लिए 20 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी निखिल धनराज ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव को पत्र लिख कर मेला मद में आंवटन मांगा. उन्होंने पत्र में कहा है कि सीताकुंड पौराणिक एवं ऐतिहासिक मेला के सफल आयोजन एवं मेले का उद्घाटन समारोह के आयोजन के अतिरिक्त आगंतुक श्रद्धालुओं के सुविधा एवं सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से विधि व्यवस्था के लिए उपयोग में लाई जाने वाली सामग्रियों यथा टेंट, पंडाल, कंट्रोल रूम, लाइटिंग की व्यवस्था के साथ-साथ जेनरेटर, स्वच्छ पेयतल, अस्थायी शौचालय, सीसीटीवी कैमरा, विडियोग्राफी तोरण द्वार भीड़ नियंत्रण कराने के लिए पूर्व में 50 लाख रूपये आवंटन की मांग की गयी थी. लेकिन भवदीय के पत्रांक और दिनांक में संलग्न परिशिष्ट-2 के अनुरूप मद वार आवंटन की मांग नहीं की गयी थी. पत्र के अनुसार जिलाधिकारी ने आवंटन पत्र को संसोधित करते हुए विभाग से मद वार खर्च को दर्शाते हुए 62 लाख 50 हजार का आवंटन उपलब्ध कराने की मांग की है.
आधी-अधूरी तैयारियों के बीच उद्घाटन
आज
मुंगेर : राजकीय मेला के तहत इस बार आवंटन के अभाव में मेला की तैयारी नहीं हो पायी है. जिसके कारण आधी-अधूरी तैयारियों के बीच आज 31 जनवरी शनिवार को एक माह तक चलने वाली सीताकुंड माघी मेला का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया है. जिसका उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा एवं जिलाधिकारी निखिल धनराज के हाथों किया जायेगा. मौके पर जिले के प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
