आज होगा पैक्स अध्यक्ष व प्रबंधकारिणी सदस्य के भाग्य का फैसला, मतदान के साथ होगी मतगणना
चुनाव को लेकर किये गये हैं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
By ANAND KUMAR | Updated at :
हवेली खड़गपुर/ संग्रामपुर/ टेटियाबंबर. जिले के खड़गपुर, संग्रामपुर व टेटियाबंबर के छह पैक्सों में शुक्रवार को पैक्स अध्यक्ष व प्रबंधकारिणी सदस्य पद के लिए मतदान होगा. मतदान के लिए गुरुवार को मतदान कर्मियों को आवश्यक मतदान सामग्री देकर मतदान केंद्र के लिए रवाना किया गया. मतदान सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा. इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. वहीं मतगणना के बाद प्रखंड कार्यालय में मतगणना की प्रक्रिया अपनायी जायेगी. इसके बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जायेगी. इधर मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है.
हवेली खड़गपुर प्रतिनिधि के अनुसार,
खड़गपुर के रतैठा पंचायत में शुक्रवार को पैक्स चुनाव होगा और शाम में मतगणना की प्रक्रिया अपनायी जायेगी. इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ प्रियंका कुमारी ने बताया कि प्रखंड के रतैठा पंचायत में पैक्स चुनाव होना है. इसकी सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री देकर रवाना कर दिया गया है. वहीं मतदान को लेकर रतैठा पंचायत के पंचायत भवन एवं मनरेगा भवन में तीन मतदान केंद्र बनाये गये हैं. अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवार के बीच चुनाव होना है. मतदान के बाद संध्या में मतों की गणना की जायेगी. उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्र पर निष्पक्ष एवं भय मुक्त चुनाव संपन्न कराने को लेकर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये हैं. मतदान में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
संग्रामपुर प्रतिनिधि के अनुसार,
प्रखंड के तीन पंचायतों में प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) प्रबंधकारिणी समिति का चुनाव शुक्रवार को होगा. चुनाव को लेकर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में मतदान कर्मियों के बीच चुनाव से संबंधित सामग्रियों का वितरण किया गया. इस दौरान अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया, मतदान की विधि, मतगणना तथा निष्पक्षता बनाये रखने के निर्देश दिये. बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी अनीश रंजन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह निर्धारित समय पर मतदान कराया जाएगा. मतदान के बाद उसी दिन संध्या में मतगणना कर परिणाम घोषित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि दीदारगंज, बलिया व दुरमट्टा पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चुनाव होना है. तीनों पंचायतों में अध्यक्ष पद पर कुल नौ उम्मीदवार मैदान में हैं. कार्यकारिणी सदस्य पद पर कुल 45 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. चुनाव को लेकर कुल 13 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इधर पैक्स चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल है.
टेटियाबंबर प्रतिनिधि के अनुसार,
प्रखंड के गौरवडीह व बनहरा पैक्स में शुक्रवार को मतदान होगा. मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस बल सहित पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है. गुरुवार को मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्रियों के साथ मतदान केंद्र के लिए रवाना कर दिया गया. मालूम हो कि प्रखंड के इन दोनों पैक्स में कुल 3,915 मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा. गौरवडीह पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. इसमें मनोरंजन कुमार, महेश यादव एवं फेंकन यादव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. वहीं बनहरा पैक्स में अध्यक्ष पद पर श्रवण कुमार सिंह एवं प्राण मोहन के बीच सीधा मुकाबला है. बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी निशा राय ने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान में भाग लेने की अपील की गयी है. मतदान संपन्न होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतगणना करायी जाएगी. इसके बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जायेगी.