जिले के नौ गांव बनेंगे मॉडल सोलर गांव, पीएम सूर्य घर योजना को मिलेगी रफ्तार

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मुंगेर जिले के नौ प्रखंड के नौ राजस्व गांव का चयन मॉडल सोलर गांव के रूप में किया जायेगा.

गांवों में सौर ऊर्जा के प्रसार को लेकर प्रतियोगिता व जागरूकता अभियान प्रारंभ

मुंगेर. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मुंगेर जिले के नौ प्रखंड के नौ राजस्व गांव का चयन मॉडल सोलर गांव के रूप में किया जायेगा. इसे लेकर सभी नौ गांवों का चयन कर प्रस्ताव भेजा गया है. इसके तहत आम नागरिकों को अपने घरों में बिजली उत्पादन के लिए सशक्त बनाया जायेगा.

जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निपण्णीकर ने योजना के उद्देश्यों और कार्यान्वयन की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना का लक्ष्य वर्ष 2026-27 तक एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है. इसके तहत आम नागरिकों को अपने घरों में बिजली उत्पादन के लिए सशक्त बनाया जायेगा. जिला स्तर पर इस योजना को सफल बनाने के लिए मॉडल सोलर गांव का चयन किया जाना है. इसके लिए ऐसे गांवों को प्राथमिकता दी जायेगी. जिनकी आबादी पांच हजार से अधिक हो, जहां सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाएं पहले से संचालित हों और जहां के ग्रामीणों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता और रुचि हो. साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी होगी. उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सामुदायिक सौर ऊर्जा संयंत्र, सरकारी भवनों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट, सौर ऊर्जा संचालित स्ट्रीट लाइट, सौर सिंचाई प्रणाली तथा अन्य नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकों को शामिल किया जायेगा.

मॉडल सौर गांव के लिए सभी बीडीओ ने भेजे प्रस्ताव

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों से एक-एक गांव का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे. चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए 20 अप्रैल से 21 अक्टूबर तक प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. इस दौरान गांवों में टास्क फोर्स का गठन कर घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. प्रतियोगिता अवधि समाप्त होने के बाद चयनित गांव को मॉडल सोलर गांव घोषित किया जायेगा. जिसका चयन उस गांव में स्थापित ‘डिस्ट्रिब्यूटेड सोलर कैपेसिटी’ के आधार पर किया जायेगा. जिन नौ गांव का मॉडल सोलर गांव के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, उसमें मुंगेर सदर के जानकीनगर पंचायत के मिल्कीचक गांव, जमालपुर के इंद्ररूख पूर्वी पंचायत के हलीमपुर, धरहरा के बंगलवा पंचायत का बंगलवा गांव, बरियारपुर का बरियारपुर गांव, हवेली खड़गपुर के गोवड्डा पंचायत का गोवड्डा गांव, टेटियाबंबर के बनहरा पंचायत का बनहरा गांव, असरगंज के अमैया पंचायत का अमैया गांव, ताराुपर के धोबई पंचायत का रणगांव और संग्रामपुर के बढ़ोनिया पंचायत का बढौनिया गांव प्रस्तावित है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >