Students Protest in Munger : मुंगेर में गुरुवार को हजारों छात्र आरडी एंड डीजे कॉलेज के समीप एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल मार्च निकाला. छात्रों का जुलूस आरडी एंड डीजे कॉलेज से शुरू होकर अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक, एक नंबर ट्रैफिक होते हुए किला के मुख्य द्वार से शहीद स्मारक पहुंचा, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
मार्च के दौरान छात्र शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्र हितों की रक्षा को लेकर लगातार नारेबाजी करते रहे.
तिरंगा और स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों के साथ जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने हाथों में तिरंगा के साथ महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लिए हुए थे. छात्रों ने कहा कि देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए, ताकि योग्य छात्रों के साथ न्याय हो सके.
नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
छात्र नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
प्रशासन रहा सतर्क, शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ प्रदर्शन
छात्रों के विरोध मार्च को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. डीजे कॉलेज से लेकर पूरे जुलूस मार्ग पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे समय मार्च के साथ मौजूद रहे, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो. प्रमुख चौक-चौराहों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. हालांकि पूरे प्रदर्शन के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई.
