Munger University: मुंगेर विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-29 के स्नातक सेमेस्टर-2 परीक्षा का शेड्यूल और परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार परीक्षा 29 जुलाई से शुरू होकर 7 अगस्त तक 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संचालित की जाएगी.
दो पालियों में होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.45 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी. वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक ली जाएगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
विषयों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया
परीक्षा संचालन को सुचारू बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने विभिन्न विषयों को अलग-अलग समूहों में विभाजित किया है. एमजेसी और एमआईसी विषयों को चार-चार ग्रुप में रखा गया है. एमडीसी विषयों को तीन ग्रुप में तथा एईसी, एसईसी और भीएसी विषयों को दो-दो ग्रुप में विभाजित किया गया है. निर्धारित ग्रुप के अनुसार प्रतिदिन परीक्षा आयोजित होगी.
जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड
मुंगेर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ सूरज कोनार ने बताया कि स्नातक सेमेस्टर-2 परीक्षा 29 जुलाई से 24 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे. विद्यार्थी अपने संबंधित महाविद्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे.
परीक्षा की तैयारी पूरी करने में जुटा विश्वविद्यालय
Munger University: विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है. परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं.
