मुंगेर से अमित कुमार झा की रिपोर्ट:
Munger road accident: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुरंबा के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ऑटो पर सवार एक महिला और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर में भर्ती कराया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेरासी गांव निवासी रविंद्र चौधरी की पत्नी फेकनी देवी (25) तथा संजय चौधरी के पुत्र विश्वनाथ कुमार (17) मुंगेर बाजार से घरेलू सामान खरीदकर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान चुरंबा के समीप ऑटो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया.
हादसे में फेकनी देवी और विश्वनाथ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना में विश्वनाथ कुमार के बाएं पैर में गंभीर चोट आई. चिकित्सकीय जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है.
चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. हालांकि किशोर के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसे विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
