मुंगेर में छत पर खेल रही थी मासूम, लोहे के टीन को छूते ही करेंट की चपेट में आयी, मौके पर मौत
Child Electrocution Death : मुंगेर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. खेलते-खेलते एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची बिजली के करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. मासूम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
Munger News : मुंगेर जिले के कुतुलपुर कचहरी टोला वार्ड संख्या-18 में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे यह हृदयविदारक घटना हुई. स्थानीय निवासी अमित मंडल की तीन वर्षीय पुत्री आरोही कुमारी घर के पास खेल रही थी. खेलते-खेलते वह पड़ोस के एक घर की सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंच गई. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही क्षणों में एक बड़ा हादसा हो जाएगा.
लोहे के टीन में दौड़ रहा था करेंट
जानकारी के अनुसार छत पर लोहे का टीन लगा हुआ था, जिसमें किसी कारणवश बिजली का करेंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही मासूम आरोही ने उस टीन को छुआ, वह तेज करेंट की चपेट में आ गई. करेंट लगते ही बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई. घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए.
अफरा-तफरी के बीच बंद करायी गई बिजली
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई और बच्ची को बचाने का प्रयास किया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और मासूम की मौत हो गई. घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि बच्ची के पिता अमित मंडल पंजाब में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया. मासूम की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों और असुरक्षित विद्युत संपर्कों की जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच होती, तो शायद इस मासूम की जान बच सकती थी. ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषपूर्ण विद्युत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.