विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 18 से 22 मार्च तक विद्यार्थी अपनी समस्या करा सकते हैं दर्ज
मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय में सीनेट बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार पहली बार 25 मार्च को छात्र दरबार का आयोजन किया जायेगा. इसमें कुलपति अन्य अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों की समस्या सुनेंगे और उसका निष्पादन किया जायेगा. छात्र दरबार को लेकर विश्वविद्यालय ने सूचना भी जारी कर दी है.इसमें कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए 25 मार्च को छात्र दरबार का आयोजन किया जायेगा. इसका उदेश्य छात्रों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना है. सूचना के अनुसार, जो विद्यार्थी अपनी समस्या या शिकायतों को छात्र दरबार में प्रस्तुत करना चाहते हैं. वैसे विद्यार्थी विश्वविद्यालय के अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज करने के लिए विद्यार्थियों को 18 से 22 मार्च तक का समय दिया गया है. विदित हो कि एमयू में फरवरी माह में आयोजित सीनेट बैठक के दौरान सीनेट सदस्यों द्वारा छात्र-छात्राओं की समस्याओं और उसके कारण विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय में भटकने व परेशान रहने पर सवाल उठाया गया था. इसे लेकर बैठक में निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक सप्ताह एक दिन विश्वविद्यालय में छात्र दरबार का आयोजन किया जायेगा. जहां छात्र-छात्राओं के शिकायतों का निष्पादन किया जायेगा. छात्र दरबार में विद्यार्थियों के शिकायत से जुड़े संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
