रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी, फरक्का एक्सप्रेस 18 घंटे तो ब्रह्मपुत्र मेल 8 घंटे लेट, राजधानी समेत कई ट्रेनें प्रभावित

पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन में ट्रेनों के परिचालन में भारी देरी से यात्री परेशान हैं. फरक्का एक्सप्रेस 18 घंटे तक लेट है, वहीं ब्रह्मपुत्र मेल और राजधानी एक्सप्रेस भी घंटों विलंब से चल रही हैं. इस कारण यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है.

पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के किऊल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड से गुजरने वाली लगभग आधा दर्जन लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं. ट्रेनों के विलंब से परिचालन के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. सबसे अधिक देरी बठिंडा से बालूरघाट जाने वाली 15734 डाउन फरक्का एक्सप्रेस में बतायी जा रही है, जो अपने निर्धारित समय से करीब 18 घंटे विलंब से चल रही है. इसके अलावा ब्रह्मपुत्र मेल, राजधानी एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हैं.

18 घंटे लेट चल रही फरक्का एक्सप्रेस

जमालपुर में प्राप्त जानकारी के अनुसार बठिंडा से बालूरघाट जाने वाली 15734 डाउन फरक्का एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 18 घंटे विलंब से चल रही है. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 3:50 बजे है. लेकिन जानकारी के अनुसार यह ट्रेन सुबह तक जौनपुर भी नहीं पहुंच पाई थी. जौनपुर से जमालपुर की दूरी करीब 450 किलोमीटर है. ऐसे में बताया गया कि ट्रेन के रात्रि करीब 20:00 बजे जमालपुर पहुंचने की संभावना है.

ब्रह्मपुत्र मेल भी आठ घंटे से अधिक लेट

कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल भी अपने निर्धारित समय से आठ घंटे से अधिक विलंब से चल रही है. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे है. लेकिन सुबह 8:30 बजे तक यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी भी नहीं पहुंच पाई थी. न्यू जलपाईगुड़ी से जमालपुर पहुंचने में ट्रेन को करीब नौ घंटे का समय लगता है. ऐसे में अब इसके अपराह्न 15:00 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना जतायी गयी है.

राजधानी एक्सप्रेस भी साढ़े तीन घंटे पीछे

आनंद विहार से सैरंग जाने वाली 20508 डाउन राजधानी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे विलंब से चल रही है. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:05 बजे है. लेकिन सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन भी नहीं पहुंच पाई थी. बताया गया कि राजधानी एक्सप्रेस के अपराह्न करीब 13:00 बजे तक जमालपुर पहुंचने की संभावना है.

कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित

पटना से दुमका जाने वाली 13334 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे 15 मिनट विलंब से चल रही है. बताया गया कि ट्रेन को पटना जंक्शन से रीशेड्यूल किया गया है, जिसके कारण इसके परिचालन में देरी हो रही है. इसके अलावा 12253 डाउन यशवंतपुर-भागलपुर एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक विलंब से चल रही है. वहीं 08690 डाउन रांची-भागलपुर स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 11 मिनट विलंब से चलकर जमालपुर पहुंची.

यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

एक साथ कई लंबी दूरी की ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है. वहीं जिन यात्रियों को जमालपुर, भागलपुर, किऊल अथवा अन्य स्टेशनों से इन ट्रेनों में यात्रा शुरू करनी है, उन्हें भी ट्रेन के निर्धारित समय पर नहीं मिलने के कारण इंतजार करना पड़ सकता है. ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रा की योजना प्रभावित होने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >