चांदबली स्थान से तारापुर मोड़ तक लगा महाजाम, जाम में फंसा मालवाहक ट्रक व हाइवा

सोमवार को भी लगे लंबे जाम से आमजन परेशान रहे और इस मार्ग पर लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया.

लगातार लग रहे जाम पर प्रशासन बेखबर, सड़कों पर चलना हो रहा कष्टप्रद हवेली खड़गपुर पिछले कई दिनों से एनएच-333 स्थित खड़गपुर-जमुई मुख्य मार्ग के नगर परिषद क्षेत्र के चांदबली स्थान से आंबेडकर चौक व तारापुर मोड़ तक लंबा जाम लग रहा है. सोमवार को भी लगे लंबे जाम से आमजन परेशान रहे और इस मार्ग पर लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया. प्रशासन को भी जाम से निजात दिलाने में पसीने छूट रहे है. यूं कहें कि जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है. खड़गपुर के चौक-चौराहा पर अतिक्रमण की वजह से भारी मालवाहक वाहन और हाइवा के आवागमन में दिक्कतें आ रही है. साथ ही हाट का दिन होने के कारण सब्जी की दुकानें सड़क पर लगने से बड़े मालवाहक वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. ऐसे में लगातार जाम की स्थिति से आमजन परेशान हो गए हैं. जाम की स्थिति से निबटने के कोई उपाय नहीं किए जाने से इस मार्ग पर आए दिन लंबा जाम लग रहा है और आमलोगों के साथ ही वाहन चालकों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है. जिससे लोगों को अपने काम निबटाने और जरुरी काम से बाजार आने-जाने और प्रखंड मुख्यालय, बरियारपुर सहित जमुई, तारापुर मुख्य मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को जाम की स्थिति से रू-ब-रू होना पड़ रहा है. पिछले कई दिनों से लगातार लग रहे जाम की वजह से लोगों को रेंग-रेंगकर आवाजाही करनी पड़ रही है. जाम की समस्या को देखते हुए राजद के प्रखंड अध्यक्ष बिपिन खिरहरी, भाजपा जिला मंत्री रजनीश झा, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अंजनी ठाकुर, पंकज यादव, शंभू केशरी ने प्रशासन से जाम की स्थिति से निबटने के उपाय और मुख्य चौराहा पर पुलिसबलों की प्रतिनियुक्ति की मांग की है. ताकि जाम की समस्या नहीं बने.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >